---Advertisement---

पलामू: ‌शादी समारोह में फायरिंग, वीडियो बनाने पर बढ़ा विवाद, जान बचाने के लिए छिपे युवक को गाड़ी से बाहर खींचकर मारी गोली

On: March 11, 2026 2:05 PM
---Advertisement---

पलामू: जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के नौगढ़ गांव में मंगलवार रात एक शादी समारोह उस समय अफरा-तफरी में बदल गया, जब जयमाला से ठीक पहले अचानक फायरिंग हो गई। गढ़वा जिले से आई बारात में शामिल एक युवक को गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसके बाद पूरे विवाह स्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

जानकारी के मुताबिक, गढ़वा जिले के लगमा क्षेत्र से बारात नौगढ़ गांव पहुंची थी। शादी समारोह में जयमाला की तैयारी चल रही थी और बाराती व घराती स्टेज के आसपास मौजूद थे। इसी दौरान बारात में शामिल एक व्यक्ति ने अवैध हथियार निकालकर अचानक हवाई फायरिंग शुरू कर दी। गोली चलने की आवाज से समारोह में मौजूद लोग दहशत में आ गए और इधर-उधर भागने लगे।

इसी बीच वहां मौजूद कुछ लोगों ने फायरिंग का वीडियो अपने मोबाइल फोन से बनाना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि वीडियो बनाने को लेकर ही विवाद की शुरुआत हुई। आरोपी और उसके साथियों ने वीडियो बना रहे लोगों से उसे डिलीट करने को कहा, जिस पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और बारातियों तथा स्थानीय लोगों के बीच जमकर मारपीट होने लगी। समारोह स्थल पर काफी देर तक अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बना रहा। इसी दौरान गढ़वा जिले के पोटमा गांव निवासी कमल चौधरी, जो बारात के साथ शादी में शामिल होने आया था, अपनी जान बचाने के लिए पास खड़ी एक गाड़ी में छिप गया।

आरोप है कि हमलावर ने उसे गाड़ी से बाहर खींच लिया और उस पर गोली चला दी। गोली उसके पैर को छेदते हुए निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मारपीट की इस घटना में दो अन्य युवक भी चोटिल हो गए।

फायरिंग करने का आरोप पारा शिक्षक राकेश चौधरी पर लगाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही लेस्लीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को देर रात इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया।

इलाज के बाद मारपीट में घायल दो युवकों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि गोली लगने से घायल कमल चौधरी का इलाज अभी जारी है। पुलिस को मामले में दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए आवेदन मिला है।

फिलहाल पुलिस घायल युवक से पूछताछ कर रही है और फायरिंग के आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। वहीं इस घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now