---Advertisement---

मां ने 4 मासूम बेटियों को कुएं में फेंका, खुद फांसी लगाकर दी जान

On: March 13, 2026 10:32 AM
---Advertisement---

सागर: मध्य प्रदेश के सागर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने पहले अपनी चार मासूम बेटियों को कुएं में फेंक दिया और इसके बाद खुद पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है। यह मामला केसली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक मृतका की पहचान 28 वर्षीय सविता बाई, पति चंद्रभान लोधी के रूप में हुई है। इस दर्दनाक घटना में उसकी चार बेटियों अंशिका (7 वर्ष), रक्षा (5 वर्ष), दीक्षा (3 वर्ष) और पांच महीने की मनीषा की भी मौत हो गई। बच्चियों के शव घर से करीब 500 मीटर दूर खेत में बने लगभग 20 फीट गहरे कुएं से बरामद किए गए।

बताया जा रहा है कि बुधवार रात परिवार के सभी लोग खाना खाने के बाद अपने-अपने कमरों में सोने चले गए थे। घर में सविता के ससुर और उसकी नाबालिग बहन भी मौजूद थीं। गुरुवार सुबह जब परिवार के लोगों की नींद खुली तो सविता और उसकी चारों बेटियां घर में नहीं थीं।

शुरुआत में परिजनों को लगा कि सविता बच्चों को लेकर कहीं आसपास गई होगी, लेकिन काफी देर तक जब वह नहीं लौटी तो परिवार के लोग चिंतित हो गए। इसके बाद गांव वालों को जानकारी दी गई और आसपास खोजबीन शुरू की गई।

तलाश के दौरान खेत की ओर जाने वाले रास्ते के पास एक पेड़ पर सविता का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देखकर लोगों के होश उड़ गए। इसके बाद ग्रामीणों ने आसपास बच्चियों की तलाश शुरू की। कुछ ही दूरी पर स्थित खेत के कुएं में चारों बच्चियों के शव मिले।

ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से कुएं से बच्चियों के शव बाहर निकलवाए। बताया जा रहा है कि गांव के कई लोगों ने कुएं में गोता लगाकर बच्चियों के शवों को बाहर निकालने में मदद की। मौके पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

ग्रामीणों के अनुसार सविता का परिवार मध्यमवर्गीय है। उसकी शादी नौ साल पहले चंद्रभान लोधी से हुई थी। परिवार में सविता, उसकी चार बेटियां, ससुर और छोटी बहन एक साथ रहते थे, जबकि उसके दो भाई गांव में ही अलग घर में रहते हैं।

परिजनों ने बताया कि सविता का पति पिछले करीब एक साल से घर नहीं आया था, जिसके कारण वह मानसिक रूप से काफी परेशान और तनाव में रहती थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी तनाव के कारण उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध हैं।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now