---Advertisement---

गढ़वा में रसोई गैस की भारी किल्लत, उपभोक्ता परेशान; डीसी ने दी चेतावनी

On: March 13, 2026 4:19 PM
---Advertisement---

गढ़वा: जिले में घरेलू रसोई गैस की ऑनलाइन बुकिंग बंद होने के बाद उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। अब लोगों को गैस बुक कराने के लिए सीधे एजेंसी के फोन नंबर पर संपर्क करना पड़ रहा है। इसके कारण शहर के गैस कार्यालय और गोदामों के बाहर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है।

स्थिति इतनी बिगड़ गई कि कई जगहों पर धक्का-मुक्की और विवाद की घटनाएं सामने आने लगीं। हालात को देखते हुए ब्लॉक के पास स्थित इंडियन गैस कार्यालय के गैस वितरक ने जिला प्रशासन से पुलिस सुरक्षा की मांग की। प्रशासन के निर्देश के बाद अब एजेंसी परिसर में पुलिस की मौजूदगी में ही गैस वितरण और कागजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

उधर उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस मिलने में काफी देरी हो रही है। कई लोग सुबह से लाइन में लगने के बाद भी खाली हाथ लौटने को मजबूर हो रहे हैं। कुछ उपभोक्ताओं ने यह भी शिकायत की है कि इस स्थिति का फायदा उठाकर कुछ लोग गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी कर रहे हैं और अधिक कीमत पर बेचने की कोशिश कर रहे हैं।

मामले को लेकर उपायुक्त दिनेश यादव ने साफ किया है कि जिले में गैस और पेट्रोल की आपूर्ति सामान्य है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रशासन स्थिति पर नजर रखे हुए है। अगर कोई व्यक्ति गैस सिलेंडर की जमाखोरी करता है या तय कीमत से अधिक दाम पर बेचता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही गैस की बुकिंग करें। साथ ही कालाबाजारी या अनियमितता की जानकारी मिलने पर तुरंत प्रशासन को सूचित करने को कहा गया है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now