---Advertisement---

मेराल: अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी आमिर रियाज को किया गया सम्मानित

On: March 14, 2026 9:51 AM
---Advertisement---

मेराल: एसजीएन मॉडर्न किंडर गार्टन विद्यालय मेराल में पलामू प्रमंडल के पहले अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मोहम्मद आमिर रियाज के सम्मान में समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उनके प्रारंभिक गुरु और महागुरु अवार्ड से सम्मानित रामप्रवेश तिवारी भी मौजूद थे।

विद्यालय के निदेशक धर्मेंद्र देव ने अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मोहम्मद आमिर रियाज और उनके गुरु रामप्रवेश तिवारी को अंगवस्त्र एवं पुष्प देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर विद्यालय में पढ़ने वाले बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

निदेशक धर्मेंद्र देव ने विद्यालय में चल रहे मिशन ओलंपिक के तहत बॉक्सिंग खेलकूद प्रतियोगिता की तैयारियों की जानकारी खिलाड़ियों से ली। विदित हो कि मोहम्मद आमिर रियाज अपने खेल जीवन की शुरुआत में बॉक्सिंग खिलाड़ी रहे हैं और राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में पदक जीतकर जिले का नाम रोशन कर चुके हैं।

वर्तमान में मोहम्मद आमिर रियाज साइक्लिंग खेल से जुड़े हुए हैं। हाल ही में उन्होंने एशिया कप में भारत की ओर से खेलते हुए दो पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है।

उनके प्रारंभिक गुरु रामप्रवेश तिवारी ने कहा कि मोहम्मद आमिर रियाज शुरू से ही मेहनती और लगनशील खिलाड़ी रहे हैं। उनकी मेहनत का ही परिणाम है कि उन्हें देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला और उन्होंने देश के लिए पदक भी जीता।

विद्यालय के निदेशक धर्मेंद्र देव ने कहा कि स्कूल में चल रहे मिशन ओलंपिक के तहत खेल गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने बताया कि विद्यालय की छात्राओं ने पूर्व में महिला पंचक सिल्लोड चैंपियनशिप में 35 पदक जीतकर राज्य में प्रथम स्थान हासिल किया था, जो गढ़वा जिले के लिए गौरव की बात है।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मोहम्मद आमिर रियाज ने विद्यालय के खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए निदेशक धर्मेंद्र देव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गढ़वा जैसे पिछड़े क्षेत्र में खिलाड़ियों को तैयार करना बेहद सराहनीय कार्य है।

कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक, खिलाड़ी और छात्र-छात्राएं मौजूद थे। समापन में निदेशक ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now