---Advertisement---

चतरा: कोर्ट से गवाही देकर लौट रहे युवक को अपराधियों ने सरेआम मारी गोली, मौके पर हुई मौत

On: March 14, 2026 10:06 AM
---Advertisement---

चतरा: झारखंड के चतरा जिले में शुक्रवार शाम अपराधियों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम देते हुए मोटरसाइकिल सवार युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना सिमरिया–चतरा मुख्य सड़क पर नवोदय विद्यालय मोड़ के पास की है। बताया जा रहा है कि अज्ञात अपराधियों ने युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान केरेडारी थाना क्षेत्र के सलगा गांव निवासी करमजीत कुमार उर्फ विकास कुमार के रूप में की गई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए।

कोर्ट से गवाही देकर लौट रहा था युवक

जानकारी के मुताबिक करमजीत कुमार किसी प्रेम प्रसंग से जुड़े मामले में कोर्ट में गवाही देकर वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान नवोदय विद्यालय के पास पहले से घात लगाकर बैठे अपराधियों ने उस पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमलावर बोलेरो वाहन से पहुंचे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अपराधियों ने युवक पर लगातार तीन गोलियां चलाईं। पहली गोली उसकी छाती में लगी, दूसरी गोली पैर में और तीसरी गोली बाइक के टैंक में जा लगी। छाती में गोली लगने के कारण युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी तेजी से मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

सदर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि फिलहाल हत्या के पीछे के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद और गवाही देने की वजह को भी जांच के दायरे में रखा गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now