---Advertisement---

खूंटी पुलिस को बहुत बड़ी सफलता, लेवी वसूली की फिराक में लगे आधा दर्जन पीएलएफआई उग्रवादियों को हथियार गोली के साथ दबोचा

On: March 14, 2026 9:53 PM
---Advertisement---

खूंटी : खूंटी पुलिस को गुप्त सूचना के आधार पर लेवी वसूलने के फिराक में लगे पीएलएफआई के आधा दर्जन उग्रवादियों को पिस्टल गोली लेवी वसूली के हिसाब किताब ठेकेदारों और व्यवसायों की सूची के साथ कई अहम दस्तावेज के साथ गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता मिली है। साथ ही एक्सयूवी कार भी इनसे बरामद हुई है।

खूंटी एसपी मनीष टोप्पो ने मीडिया को बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि खूंटी थाना क्षेत्र के तजना नदी के पास नहर किनारे कुछ लोग कार से पहुंचे हैं और उनके पास अवैध घातक हथियार हैं। सूचना में यह भी बताया गया था कि ये लोग PLFI संगठन के नाम पर लेवी की रकम लेने और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद खूंटी एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम बनाई गई और पुलिस बल के साथ मौके के लिए रवाना किया गया।
तजना नदी के पास छापेमारी, छह लोग गिरफ्तार
पुलिस टीम ने तजना नदी के पास नहर किनारे पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की और छापेमारी शुरू की। इस दौरान मौके से छह लोगों को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार लोगों की पहचान विजय भोक्ता, धीरज कुमार, अभिषेक कुमार उर्फ अभिषेक राम, शुभम कुमार पोद्दार उर्फ शुभम कुमार, निमिस गोप उर्फ हनि और राम आयोध्या शर्मा उर्फ राजा शर्मा के रूप में हुई है।

हथियार, लेवी का हिसाब और ठेकेदारों की सूची बरामद
पुलिस ने जब इनकी तलाशी ली तो कई चौंकाने वाली चीजें सामने आईं। इनके पास से एक देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस मिला। इसके अलावा पीएलएफआई संगठन के पर्चे, लेवी में वसूली गई रकम का हिसाब लिखी नोटबुक और कई व्यवसायियों व ठेकेदारों के नाम, पता और मोबाइल नंबर की सूची भी बरामद हुई।

इतना ही नहीं, पुलिस को इनके पास से मोबाइल फोन खरीदने की रसीद, दूसरे लोगों के बैंक खातों से जुड़े पासबुक, चेकबुक और एटीएम कार्ड भी मिले। जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़े कुछ दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।

घटना में इस्तेमाल कार भी जब्त
पुलिस ने बताया कि अपराधी जिस एक्सयूवी 500 कार से मौके पर पहुंचे थे, उसे भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस को शक है कि इस गिरोह का नेटवर्क और भी बड़ा हो सकता है। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और इनके अन्य साथियों की भी तलाश की जा रही है।

Satish Sinha

मैं सतीश सिन्हा, बीते 38 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने कई अखबारों और समाचार चैनलों में रिपोर्टर के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को इमानदारी से उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले तकरीबन 6 वर्षों से मैं 'झारखंड वार्ता' से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ।

Join WhatsApp

Join Now