मिर्जापुर: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां कछवा थाना क्षेत्र के जोगीपुरवा गांव में एक 17 वर्षीय किशोर कुत्ते के काटने के बाद अजीब व्यवहार करने लगा है। बताया जा रहा है कि अब वह कुत्ते की तरह भौंकता है और उसकी तरह ही हरकतें भी करता है। इस घटना के बाद परिवार और गांव के लोग काफी चिंतित हैं।
जानकारी के अनुसार जोगीपुरवा गांव निवासी भाईलाल का 17 वर्षीय बेटा करीब चार महीने पहले अपने मामा के घर गया था। वहीं उसे एक कुत्ते ने काट लिया था। परिजनों ने तुरंत उसे स्थानीय अस्पताल ले जाकर एंटी-रेबीज का पहला इंजेक्शन लगवाया। बाद में गांव लौटने पर दूसरा इंजेक्शन भी लगाया गया, लेकिन किसी कारणवश आगे की खुराक नहीं दी जा सकी।
परिवार के अनुसार कुछ समय बाद से किशोर का व्यवहार धीरे-धीरे बदलने लगा। वह सामान्य तरीके से बात नहीं कर पा रहा है और कई बार कुत्ते की तरह भौंकने लगता है। इतना ही नहीं उसके चलने, बैठने और प्रतिक्रिया देने का तरीका भी काफी बदल गया है, जिससे परिवार के लोग बेहद परेशान हैं।
परिजन उसे कई अस्पतालों और डॉक्टरों के पास लेकर गए, लेकिन अब तक उसकी स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ है। परिवार ने इलाज के साथ-साथ धार्मिक स्थलों का भी सहारा लिया और उसे मंदिरों में भी ले जाया गया, लेकिन हालत जस की तस बनी हुई है।
डॉक्टरों का कहना है कि कुत्ते के काटने के बाद एंटी-रेबीज टीकाकरण की पूरी प्रक्रिया समय पर पूरी करना बेहद जरूरी होता है। यदि टीका अधूरा रह जाए तो संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है और स्थिति गंभीर हो सकती है। चिकित्सकों के मुताबिक किशोर को पूरा टीका नहीं लग पाने के कारण उसकी स्थिति बिगड़ती चली गई।
फिलहाल किशोर का इलाज जारी है, लेकिन डॉक्टरों का कहना है कि बीमारी काफी गंभीर रूप ले चुकी है। डॉक्टरों ने उसके बचने की संभावना लगभग न के बराबर बताई है।














