---Advertisement---

गर्लफ्रेंड को रंग लगाने पर भड़का युवक, दोस्त के गले में घोंपा पेचकस; फिर पटरी पर बांधकर ट्रेन से कटवाया

On: March 17, 2026 10:24 AM
---Advertisement---

पानीपत: हरियाणा के पानीपत से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां पहले जिसे ट्रेन हादसा समझा गया, वह दरअसल एक सोची-समझी हत्या निकली। होली के अगले दिन रेलवे ट्रैक के पास मिली युवक की कटी लाश ने पूरे इलाके को हिला दिया था, लेकिन करीब 12 दिन बाद पुलिस जांच में इस केस ने चौंकाने वाला मोड़ ले लिया।

शुरुआती जांच में युवक की मौत को ट्रेन हादसा माना गया था। लेकिन जैसे-जैसे पुलिस ने गहराई से जांच की, कई संदिग्ध पहलू सामने आए। आखिरकार जीआरपी की जांच में खुलासा हुआ कि यह एक सुनियोजित हत्या थी, जिसे आत्महत्या या हादसा दिखाने की कोशिश की गई थी। मृतक की पहचान 23 वर्षीय कालू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, इस हत्या के पीछे उसका अपना ही दोस्त संजू मास्टरमाइंड निकला।

जांच में सामने आया कि होली के दिन कालू ने संजू की गर्लफ्रेंड को रंग लगा दिया था। इसी बात को लेकर संजू बेहद नाराज था। पहले से चली आ रही रंजिश ने इस गुस्से को और भड़का दिया और उसने कालू को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले से भी विवाद था। कालू ने संजू की मोटरसाइकिल ली थी, जो दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इसके बाद पैसों को लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ गया था।

घटना वाली शाम संजू ने कालू को घर से बुलाया। उसके साथ आरोपी राहुल और विशाल भी थे। तीनों उसे शराब पिलाने ले गए। आरोप है कि उन्होंने खुद कम शराब पी, जबकि कालू को ज्यादा पिला दी, ताकि वह पूरी तरह नशे में हो जाए। जब कालू बेसुध हो गया, तो आरोपी उसे रेलवे ट्रैक के पास ले गए।

पुलिस के मुताबिक, ट्रैक के पास संजू ने कालू के गले पर पेचकस से हमला किया। इसके बावजूद जब कालू की मौत नहीं हुई, तो आरोपियों ने उसे जिंदा ही रेलवे ट्रैक से बांध दिया और वहां से फरार हो गए। नशे की हालत में कालू खुद को बचा नहीं सका और कुछ ही देर में ट्रेन उसके ऊपर से गुजर गई, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

मामले की गुत्थी सुलझाने में मोबाइल लोकेशन और तकनीकी सबूतों ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस ने जब कॉल डिटेल्स और लोकेशन डेटा खंगाला, तो संजू और उसके साथियों की मौजूदगी घटनास्थल के आसपास पाई गई। सख्ती से पूछताछ करने पर तीनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now