---Advertisement---

मझिआंव: राशन डीलर पर घोटाले और दुर्व्यवहार का आरोप, लाभुकों ने एमओ से की लिखित शिकायत

On: March 17, 2026 11:42 AM
---Advertisement---

मझिआंव: मझिआंव थाना क्षेत्र के पूरहे गांव में लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह के डीलर भागीरथी साह पर लाभुकों ने दो माह का राशन घोटाला करने और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। लालती देवी, सुजानती देवी, मालती देवी, अनीता देवी, समुद्री देवी, गणपति देवी, शीला देवी, शोभा देवी, अकली देवी, सोनी देवी और गांगी देवी सहित लगभग तीन दर्जन लोगों का कहना है कि डीलर ने फरवरी और मार्च महीने का राशन वितरण नहीं किया, जबकि उनसे अंगूठा लगवा लिया गया।

लाभुकों के अनुसार, जब उन्होंने राशन की मांग की तो डीलर ने गाली-गलौज करते हुए अभद्र व्यवहार किया और विरोध करने पर घर में बंद कर मारपीट करने की धमकी दी। इस घटना से गांव के लोगों में भारी आक्रोश है।

ग्रामीणों का कहना है कि सरकार द्वारा मिलने वाला राशन गरीबों के लिए जीवनयापन का महत्वपूर्ण साधन है, लेकिन डीलर की लापरवाही और कथित घोटाले के कारण कई परिवार पिछले दो महीनों से राशन से वंचित हैं।

मामले को लेकर उप प्रमुख फुलकली देवी के नेतृत्व में सभी लाभुक प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) के पास पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बकाया राशन दिलाने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर डीलर का लाइसेंस रद्द करने की मांग की है।

वहीं, डीलर भागीरथी साह ने आरोपों को गलत बताया, हालांकि उन्होंने दो माह का राशन नहीं देने की बात स्वीकार की है।

इस संबंध में प्रखंड खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी अजीत कुमार यादव ने कहा कि शिकायत प्राप्त हो गई है। जांच के बाद आरोप सही पाए जाने पर संबंधित डीलर के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now