लातेहार: जिले में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। गारु थाना क्षेत्र के मिरचैया जंगल में सर्च ऑपरेशन के दौरान भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है। यह कार्रवाई गिरफ्तार नक्सलियों की निशानदेही पर की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 लाख के इनामी नक्सली मृत्युंजय भुईयां उर्फ फ्रेश भुईयां उर्फ अवधेश जी और बब्लू राम उर्फ रोहित चंद्रवंशी को 14 मार्च को न्यायालय में पेश करने के बाद पांच दिनों की रिमांड पर लिया गया था। रिमांड के दौरान हुई गहन पूछताछ में दोनों ने हथियार छिपाने के कई गुप्त ठिकानों का खुलासा किया।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने मिरचैया जंगल में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान नक्सलियों द्वारा जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए हथियारों का जखीरा अलग-अलग स्थानों से बरामद किया गया।
बरामद हथियारों में एक इंसास राइफल, एक सेमी राइफल, एक 30 बोर का कार्बाइन राइफल, 170 जिंदा गोलियां, तीन मैगजीन और अन्य सामग्री शामिल हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस बरामदगी से नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया गया है। साथ ही इलाके में नक्सली गतिविधियों पर भी बड़ा असर पड़ेगा।














