झारखंड वार्ता संवाददाता
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा): नगर पंचायत की नवनिर्वाचित अध्यक्ष साधना देवी ने शपथ ग्रहण के बाद विधिवत रूप से अपना कार्यभार संभाल लिया। शपथ लेने के उपरांत उन्होंने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ कार्यालय में प्रवेश किया।

सबसे पहले वे विश्व प्रसिद्ध श्री बंशीधर मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने भगवान श्री राधा-कृष्ण का विधिवत दर्शन-पूजन किया और मंदिर की परिक्रमा की। इसके बाद उन्होंने पंचमुखी महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर नगर की सुख-समृद्धि की कामना की।
इसके पश्चात अध्यक्ष साधना देवी ने सबसे पहले नपं कार्यालय परिसर में मत्था टेककर प्रवेश की। इसके बाद अपने कक्ष में पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन एवं पूजा संपन्न कराई गई। साधना देवी ने नगर के विकास एवं सुख-समृद्धि की कामना की।

पूजा-अर्चना के बाद साधना देवी ने कहा कि जनता ने जो विश्वास उन पर जताया है, उस पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने नगर के विकास, साफ-सफाई, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार एवं जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही। अध्यक्ष ने नगरवासियों से अपील की कि वे विकास कार्यों में सहयोग करें, ताकि श्री बंशीधर नगर को एक आदर्श नगर के रूप में विकसित किया जा सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पारदर्शिता और जनभागीदारी के साथ नगर के विकास की दिशा में कार्य किया जाएगा।
इससे पूर्व कार्यालय पहुंचने पर कार्यपालक पदाधिकारी राजकमल मिश्रा, नगर प्रबंधक प्रमेय मंडिलवार एवं नगर पंचायत के कर्मियों ने उन्हें बुके देकर जोरदार स्वागत किया। पूजा-अर्चना के बाद वे नगर पंचायत कार्यालय के सभागार में पहुंचीं, जहां अध्यक्ष साधना देवी एवं रवि प्रकाश बबलू को बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने बुके देकर सम्मानित किया। सभी ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए उनके कार्यकाल में नगर के सर्वांगीण विकास की अपेक्षा जताई।
इस अवसर पर नपं अध्यक्ष प्रतिनिधि रवि प्रकाश बबलू, कामेश्वर प्रसाद वीरेंद्र प्रसाद अग्रहरी,अशोक जायसवाल,वीरेंद्र प्रसाद कमलापुरी,राकेश विश्वकर्मा, उमाशंकर जायसवाल,आलोक कुमार,कमलेश कुमार, बिल्कु जायसवाल,सुरेश चंद्रवंशी,राहत हुसैन,सुनील कमलापुरी, मुखिया मूंगा शाह, राहुल जायसवाल,हीरा प्रसाद सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि एवं समर्थक उपस्थित थे।













