नेल्लोर: आंध्र प्रदेश के नेल्लोर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत और सिविक सेंस दोनों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नेशनल हाईवे पर कोल्ड ड्रिंक से लदा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद ट्रक में भरी सॉफ्ट ड्रिंक की बोतलें सड़क पर बिखर गईं। लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने हर किसी को हैरान कर दिया।
आसपास मौजूद लोग और राहगीर मौके पर तो पहुंचे, लेकिन घायल ड्राइवर की मदद करने के बजाय बिखरी बोतलों को उठाने में लग गए। देखते ही देखते वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग बोतलें लूटने के लिए एक-दूसरे से होड़ करने लगे।
10 मिनट में खाली हो गया पूरा ट्रक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के महज 10 मिनट के भीतर ट्रक में लदा पूरा सामान गायब हो गया। लोगों ने बिना किसी झिझक के कोल्ड ड्रिंक की बोतलें अपने साथ ले जानी शुरू कर दीं। इस दौरान किसी ने भी घायल चालक की स्थिति जानने या उसकी मदद करने की कोशिश नहीं की।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को @TheSkinDoctor नाम के हैंडल से साझा किया गया है। खबर लिखे जाने तक इस वीडियो को 5.5 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है, जबकि हजारों लोग इस पर अपनी प्रतिक्रिया दे चुके हैं।
यूजर्स ने जताई नाराजगी
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। यूजर्स इस घटना को बेहद शर्मनाक बताते हुए कह रहे हैं कि ऐसे हालात में प्राथमिकता इंसान की जान बचाना होनी चाहिए, न कि सामान लूटना।
सिविक सेंस पर उठे सवाल
यह घटना एक बार फिर समाज में सिविक सेंस और मानवीय संवेदनाओं की कमी को उजागर करती है। हादसे के समय जहां लोगों को मदद के लिए आगे आना चाहिए, वहां इस तरह का व्यवहार चिंताजनक है।












