नई दिल्ली: अवैध ऑनलाइन जुआ और सट्टेबाजी के खिलाफ केंद्र सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। हाल ही में चलाए गए अभियान के तहत 300 वेबसाइट्स और मोबाइल एप्लिकेशन को ब्लॉक कर दिया गया है। यह कार्रवाई देश में तेजी से फैल रहे ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क पर लगाम लगाने के उद्देश्य से की गई है।
इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के अनुसार, जिन प्लेटफॉर्म्स पर कार्रवाई की गई है, उनमें ऑनलाइन स्पोर्ट्स बेटिंग साइट्स, स्लॉट और रूलेट जैसे कैसीनो गेम्स उपलब्ध कराने वाले पोर्टल, लाइव डीलर टेबल्स चलाने वाले ऑनलाइन कैसीनो और पीयर-टू-पीयर बेटिंग एक्सचेंज शामिल हैं। ये प्लेटफॉर्म न सिर्फ अवैध जुए को बढ़ावा दे रहे थे, बल्कि बड़े पैमाने पर संदिग्ध वित्तीय लेनदेन का माध्यम भी बन रहे थे।
अवैध नेटवर्क पर कड़ी निगरानी
सूत्रों के मुताबिक, कार्रवाई केवल वेबसाइट तक सीमित नहीं है, बल्कि सट्टा, मटका नेटवर्क और रियल मनी गेमिंग एप्स को भी निशाने पर लिया गया है। सरकार को इन प्लेटफॉर्म्स के जरिए मनी लॉन्ड्रिंग और कर चोरी जैसी गतिविधियों की भी आशंका है, जिस कारण इन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
सरकार इन अवैध प्लेटफॉर्म्स के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) और अन्य संबंधित कानूनों के तहत कार्रवाई कर रही है। संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे प्लेटफॉर्म्स की पहचान कर तुरंत ब्लॉकिंग की प्रक्रिया को अंजाम दें।
अब तक 8400 से ज्यादा साइट्स ब्लॉक
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, अब तक कुल मिलाकर करीब 8400 अवैध वेबसाइट्स को ब्लॉक किया जा चुका है। इनमें से लगभग 4900 वेबसाइट्स को ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े नए नियम लागू होने के बाद बंद किया गया है। यह दिखाता है कि सरकार इस क्षेत्र में सख्ती से नियम लागू कर रही है।








