---Advertisement---

गाजियाबाद जासूसी कांड: ISI से जुड़े 9 और जासूस गिरफ्तार, 5 नाबालिग शामिल

On: March 21, 2026 2:15 PM
---Advertisement---

गाजियाबाद: उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद में सामने आए सनसनीखेज जासूसी मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ताजा गिरफ्तारी में गणेश गिरि (नेपाल), विवेक राय (बिहार), गगन कुमार प्रजापति (मेरठ) और दुर्गेश निषाद (जौनपुर) समेत 5 नाबालिग शामिल हैं। इसके साथ ही इस पूरे नेटवर्क से जुड़े कुल संदिग्धों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है।

इससे पहले 14 मार्च को पुलिस ने सुहैल मलिक, सने इराम, राज वाल्मीकि, शिवा वाल्मीकि और रितिक गंगवार को हिरासत में लिया था। जांच में सामने आया है कि यह संगठित गिरोह देश की संवेदनशील जगहों की रेकी कर अहम जानकारियां विदेश भेज रहा था।

जांच एजेंसियों के अनुसार, इस गिरोह ने दिल्ली-एनसीआर और मुंबई जैसे संवेदनशील इलाकों में सौर ऊर्जा से चलने वाले और सिम-इनेबल्ड सीसीटीवी कैमरे लगाकर निगरानी का जाल बिछा रखा था। इन कैमरों के जरिए लगातार वीडियो और लोकेशन डेटा इकट्ठा किया जाता था।

हाल ही में सोनीपत रेलवे स्टेशन से एक ऐसा संदिग्ध कैमरा हटाया गया, जबकि इससे पहले दिल्ली कैंट रेलवे स्टेशन से भी एक डिवाइस बरामद की गई थी।

जांच में खुलासा हुआ है कि यह नेटवर्क सिर्फ सैन्य ठिकानों तक सीमित नहीं था, बल्कि देश के बड़े उद्योगपतियों- अडानी और अंबानी के आवासों की भी रेकी कर रहा था। आरोपियों ने इन जगहों की लोकेशन और वीडियो रिकॉर्ड कर पाकिस्तान भेजे। सूत्रों के मुताबिक आरोपियों के मोबाइल से कई मंदिरों के फोटो-वीडियो बरामद हुए हैं। खाटू श्याम मंदिर की लोकेशन, वीडियो और फोटो पाकिस्तान भेजे गए थे।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी पाकिस्तान के एक व्हाट्सऐप नंबर के जरिए अपने हैंडलर से संपर्क में थे। वे फोटो और वीडियो भेजते थे, जिसके बदले उन्हें भारत में ही UPI के माध्यम से पैसे ट्रांसफर किए जाते थे। इतना ही नहीं, जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के सदस्य मलेशिया और यूके के वर्चुअल नंबरों का इस्तेमाल कर अपने आकाओं से बातचीत करते थे, जिससे उनकी पहचान छिपी रहे।

गिरफ्तार आरोपी दुर्गेश निषाद, जो नवी मुंबई में ट्रक चालक है, ने मुंबई पोर्ट इलाके की रेकी कर वहां के वीडियो भी सीमा पार भेजे थे। यह खुलासा जांच एजेंसियों के लिए बेहद गंभीर माना जा रहा है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 9 मोबाइल फोन और 10 सिम कार्ड बरामद किए हैं। इन उपकरणों की फॉरेंसिक जांच की जा रही है, जिससे और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

पुलिस का कहना है कि यह एक बड़ा नेटवर्क हो सकता है, जिसकी जड़ें कई राज्यों तक फैली हो सकती हैं। पुलिस फरार आरोपियों नौशाद अली और समीर उर्फ शूटर की तलाश में जुटी हुई है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now