---Advertisement---

झारखंड में मिला 227 किलो का अमेरिकी मिसाइल बम, द्वितीय विश्व युद्ध से जुड़े होने की आशंका

On: March 21, 2026 2:43 PM
---Advertisement---

जमशेदपुर: झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब स्वर्णरेखा नदी के किनारे जमीन के भीतर दबा एक विशालकाय मिसाइल बम बरामद हुआ। यह खतरनाक विस्फोटक पानीपड़ा नागुड़साई गांव के पास उस वक्त मिला, जब ग्रामीण नदी से बालू निकालने का काम कर रहे थे।
खुदाई के दौरान अचानक लोहे की भारी और गोलाकार वस्तु नजर आई। पहले तो लोगों ने इसे साधारण कबाड़ समझा, लेकिन आकार और वजन देखकर शक हुआ। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर सुरक्षित कर दिया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद बम पर ‘AN-M64’ मॉडल अंकित है और उस पर ‘Made in America’ लिखा हुआ है। यह लगभग 500 पाउंड (करीब 227 किलोग्राम) वजनी एक शक्तिशाली मिसाइल बम है, जो अब तक निष्क्रिय नहीं हुआ है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया, लेकिन उन्होंने भी इसे अत्यंत संवेदनशील और खतरनाक बताते हुए डिफ्यूज करने में असमर्थता जताई। उनका कहना है कि इस स्तर के विस्फोटक को केवल सेना के विशेषज्ञ ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर सकते हैं।

अंदेशा जताया जा रहा है कि यह बम द्वितीय विश्व युद्ध के समय का हो सकता है। बताया जाता है कि वर्षों पहले महुलडांगरी इलाके के पास एक लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। संभावना जताई जा रही है कि यह बम उसी विमान का हिस्सा रहा होगा, जो नदी की रेत में दबकर निष्क्रिय अवस्था में पड़ा रह गया।

यदि यह 500 पाउंड का बम विस्फोट करता है तो कई सौ मीटर के दायरे में भारी तबाही मच सकती है। आसपास के इलाकों को गंभीर नुकसान पहुंचने की आशंका है, जिससे जनहानि भी हो सकती है।

प्रशासन ने एहतियातन पूरे क्षेत्र को सील कर दिया है और ग्रामीणों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे बम के पास न जाएं और किसी भी तरह की छेड़छाड़ न करें। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल की तैनाती भी बढ़ा दी गई है।

बम को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने के लिए रांची से विशेष टीम को बुलाया जा रहा है। इसके अलावा तकनीकी सहयोग के लिए पश्चिम बंगाल स्थित कलाईकुंडा एयरबेस के अधिकारियों को भी पत्र लिखकर मदद मांगी गई है।

फिलहाल प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। जब तक बम को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय नहीं किया जाता, तब तक इलाके में सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now