नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में विधानसभा के बजट सत्र के बीच उस समय हड़कंप मच गया, जब विधानसभा स्पीकर विजेंद्र गुप्ता को बम धमाके की धमकी भरा ईमेल मिला। इस मेल में न सिर्फ विधानसभा भवन, बल्कि दिल्ली मेट्रो स्टेशन को भी उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। इसके चलते सुबह 11 बजे शुरू होने वाली सदन की कार्रवाई रोक दी गई थी। सर्च ऑपरेशन में कुछ संदिग्ध नहीं मिला। इसके बाद बजट सत्र की कार्रवाई आधे घंटे की देरी से शुरू हुई।
विधानसभा अध्यक्ष कार्यालय के अनुसार, मंगलवार (24 मार्च 2026) सुबह दो ईमेल प्राप्त हुए। पहला मेल सुबह 7:28 बजे विधानसभा के आधिकारिक ईमेल आईडी पर आया, जबकि दूसरा मेल 7:49 बजे सीधे स्पीकर को संबोधित करते हुए भेजा गया। ईमेल में दावा किया गया कि दोपहर 1:11 बजे विधानसभा परिसर और रात 9:11 बजे किसी दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर विस्फोट किया जाएगा। ईमेल में खालिस्तान जनमत संग्रह का भी जिक्र किया गया था।
धमकी भरे इस मेल में कई शीर्ष नेताओं का भी जिक्र किया गया। इनमें पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, दिल्ली के नव नियुक्त उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को भी धमकी दी गई है।
धमकी मिलते ही दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गईं। विधानसभा परिसर में स्निफर डॉग स्क्वॉड तैनात किया गया, बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और पूरे परिसर की सघन तलाशी ली गई। हालांकि, जांच के दौरान किसी भी तरह का विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
फिलहाल दिल्ली पुलिस की साइबर सेल और अन्य खुफिया एजेंसियां मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं। घटना के बाद राजधानी में सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है, खासकर संवेदनशील सरकारी इमारतों और मेट्रो स्टेशनों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी, पीएम मोदी, अमित शाह सहित कई बड़े नेताओं का भी ईमेल में जिक्र














