मार्कपुरम: आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम जिले में गुरुवार, 26 मार्च की सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 14 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि करीब 20 यात्री घायल हो गए। यह हादसा रायवरम के पास तड़के करीब 6:30 बजे हुआ, जब एक निजी बस और टिपर लॉरी की जोरदार टक्कर हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरिकृष्णा ट्रेवल्स की यह बस तेलंगाना के निर्मल से आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जा रही थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कुछ ही मिनटों में दोनों वाहनों में आग लग गई और आग तेजी से फैल गई। हादसे के समय बस में लगभग 40 यात्री सवार थे।
अधिकारियों के मुताबिक, बस के पिछले हिस्से में बैठे यात्रियों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका, जिससे वे आग की चपेट में आकर जिंदा जल गए। वहीं, आगे बैठे कुछ यात्री किसी तरह बस से बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन वे भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है। राहत कार्य जारी होने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
राज्य के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि टिपर लॉरी और बस की टक्कर के बाद आग लगने से कई यात्रियों की जान चली गई, जो बेहद दुखद है।
मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली और घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही, हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कराने और जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश भी दिए गए हैं।
प्रशासन के अनुसार, मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि कुछ पीड़ित कनिगिरी क्षेत्र के निवासी हो सकते हैं। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को दुर्घटना का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।













