बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के बाहरी इलाके नेलमंगला के पास टी. बेगुर स्थित सिद्धार्थ मेडिकल कॉलेज में एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे शैक्षणिक परिसर में तनाव का माहौल पैदा कर दिया।
जानकारी के अनुसार, माइक्रोबायोलॉजी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर मोहम्मद अब्दुल्लाह (50) पर आरोप है कि उन्होंने कक्षा के भीतर एक छात्रा को चॉकलेट और फूल देकर प्रपोज़ करने की कोशिश की। इस दौरान उन्होंने छात्रा का हाथ पकड़कर अनुचित व्यवहार भी किया।
प्रोफेसर की इस हरकत का छात्रा ने तुरंत विरोध किया और अपने सहपाठियों के सामने ही उन्हें फटकार लगाई। जैसे ही यह बात अन्य छात्रों तक पहुंची, माहौल गरमा गया। गुस्साए छात्रों ने प्रोफेसर का घेराव कर लिया और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
वायरल वीडियो में छात्रा को प्रोफेसर को चप्पल से पीटते हुए देखा जा सकता है, जबकि अन्य छात्र भी उनके साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि प्रोफेसर जान बचाकर भागने की कोशिश करते रहे, लेकिन छात्रों ने उनका पीछा करते हुए उनकी कार तक पहुंचकर दोबारा हमला किया।
घटना के बाद आरोपी प्रोफेसर ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार करते हुए दावा किया कि छात्रा ने पहले उनसे प्रेम का इजहार किया था और उनके पास इसके सबूत भी मौजूद हैं। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
कॉलेज प्रशासन के मुताबिक, छात्राओं ने पहले भी प्रोफेसर के व्यवहार को लेकर शिकायतें दर्ज कराई थीं और सुरक्षा की मांग की थी। इसके बाद कॉलेज ने उन्हें नोटिस जारी कर परिसर में आने से मना किया था, लेकिन इसके बावजूद वे कॉलेज पहुंचे और घटना को अंजाम दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कॉलेज प्रशासन ने आरोपी प्रोफेसर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। कॉलेज के प्रिंसिपल दिवाकर एस.पी. ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है।
यह मामला नेलमंगला ग्रामीण थाना क्षेत्र का है। कर्नाटक पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद कॉलेज परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और वायरल वीडियो के आधार पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।














