छिंदवाड़ा: मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। मुख्यमंत्री मोहन यादव की जनसभा से वापस लौट रहे लोगों से भरी एक निजी बस उमरानाला चौकी क्षेत्र के चिखली गांव के समीप ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस अचानक संतुलन खो बैठी और सड़क पर ही पलट गई। दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
घायलों को बस से बाहर निकालने के लिए तेजी से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। पुलिस ने तत्काल आठ एंबुलेंस बुलाकर सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया। अस्पताल में इलाज के दौरान 10 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया, जिनमें छह पुरुष, तीन महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। बताया जा रहा है कि मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है।
बताया जा रहा है कि बस में करीब 50 लोग सवार थे, जो छिंदवाड़ा पुलिस ग्राउंड में आयोजित हितग्राही सम्मेलन और मुख्यमंत्री की सभा में शामिल होकर लौट रहे थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी लोग अलग-अलग गांवों की ओर बस से जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
इस दुर्घटना में लगभग 30 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज विभिन्न अस्पतालों में जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतक और घायल सभी करेर, ग्वारा और भंडारकुंड गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
इस हादसे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए और घायलों को 1-1 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि यह हादसा अत्यंत हृदय विदारक है। उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।














