गढ़वा : जिले के मेराल सिरहा स्थित एनपीएस गुरुकुलम में शिक्षा की गुणवत्ता और भविष्य की तैयारियों को लेकर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस दौरान दो आईएएस (IAS) अधिकारियों ने विद्यालय का भ्रमण किया और शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों में मेदिनीनगर के मूल निवासी सिरसा (हरियाणा) के वर्तमान डीसी और 2015 बैच के आईएएस अधिकारी शान्तनु शर्मा, जिन्होंने यूपीएससी परीक्षा में 89वीं रैंक हासिल की थी। रांची के जेवीएम श्यामली से स्कूली शिक्षा और बिट्स पिलानी से इंजीनियरिंग करने के बाद, उन्होंने कुछ समय इन्फोसिस में भी काम किया और अपने दूसरे प्रयास में सफलता प्राप्त की। अब वो चाहते हैं कि उनके क्षेत्र से और भी छात्र यूपीएससी (UPSC) में अच्छा प्रदर्शन करें।
साथ में जयाशारदा (Jayasarda), 2020 बैच की आईएएस अधिकारी, वर्तमान में हरियाणा के हिसार जिले में एडीसी (ADC) के पद पर तैनात हैं।
उनका जन्म और पालन-पोषण चेन्नई में हुआ और उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा बिट्स पिलानी (BITS Pilani) से पूरी की। इसके बाद, उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में श्लंबरजर (Schlumberger) जैसी प्रतिष्ठित कंपनी में काम किया। हालांकि, सिविल सेवा के प्रति अपने जुनून के कारण उन्होंने अपनी नौकरी छोड़ दी और यूपीएससी (UPSC) की तैयारी में जुट गईं और सफलता हासिल किया।
भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने स्कूल के शिक्षकों के साथ एक विशेष संवाद सत्र आयोजित किया। उन्होंने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों का भविष्य गढ़ने में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने आधुनिक शिक्षण पद्धतियों को अपनाने और बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर देने की सलाह दी।
शिक्षकों के लिए मुख्य सुझाव:
प्रायोगिक शिक्षा: किताबी ज्ञान के साथ-साथ बच्चों को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ें।
मार्गदर्शन: बच्चों की रुचि को पहचानकर उन्हें सही करियर विकल्प चुनने में मदद करें।
अनुशासन और संस्कार: शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों पर भी ध्यान दें।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक नवनीत कुमार सिंह ने अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रतिष्ठित अधिकारियों के आगमन और उनके सुझावों से न केवल शिक्षकों का उत्साहवर्धन हुआ है, बल्कि यह क्षेत्र के बच्चों के उज्जवल भविष्य की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम साबित होगा।
एनपीएस गुरुकुलम में दो आईएएस अधिकारियों का दौरा; शिक्षकों को दिए छात्रों के बेहतर भविष्य के मंत्र













