---Advertisement---

मुर्शिदाबाद में रामनवमी शोभायात्रा के दौरान भड़की हिंसा, जमकर हुआ पथराव, कई घायल; धारा 144 लागू

On: March 27, 2026 10:47 PM
---Advertisement---

मुर्शिदाबाद: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में रामनवमी के अवसर पर निकाली गई शोभायात्राओं के दौरान कई स्थानों पर सांप्रदायिक तनाव की घटनाएं सामने आई हैं। हालांकि राज्य के विभिन्न हिस्सों में पर्व शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया, लेकिन मुर्शिदाबाद के कुछ इलाकों से हिंसा और टकराव की गंभीर खबरें आईं।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को जंगीपुर और रघुनाथगंज क्षेत्र सहित तीन अलग-अलग स्थानों पर रामनवमी के शोभायात्रा के दौरान दो समुदायों के बीच विवाद हो गया, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। सबसे पहले रघुनाथगंज-फुलतला ट्रैफिक मोड़ पर स्थिति बिगड़ी, जहां कुछ लोगों द्वारा सड़क किनारे लगे एक होर्डिंग पर चढ़कर उस पर लगा केसरिया झंडा हटाने का आरोप है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसके बाद शोभायात्रा में शामिल कुछ लोगों ने दूसरे समुदाय का झंडा हटाने का प्रयास किया, जिससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद हिंसा में बदल गया। इस दौरान समुदाय विशेष के लोगों ने जुलूस पर पथराव कर दिया। फिर कई दुकानों और इमारतों में तोड़फोड़ की गई, वहीं लूटपाट और आगजनी की घटनाएं भी सामने आईं। इस दौरान कई लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज स्थानीय अस्पतालों में चल रहा है।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) और स्थानीय पुलिस बल को तैनात किया। सुरक्षा बलों ने मौके पर पहुंचकर हालात पर काबू पाया और प्रभावित इलाकों में फ्लैग मार्च किया गया।

एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दी गई है, जिसके तहत चार या अधिक लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल की तैनाती की है और लगातार निगरानी की जा रही है।

डीआईजी ने जानकारी दी कि मामले में कई लोगों की गिरफ्तारी हुई है, हालांकि अभी उनकी संख्या स्पष्ट नहीं की गई है। उपद्रवियों को पकड़ने के लिए पुलिस सघन जांच अभियान चला रही है।

उधर, जंगीपुर इलाके में भी रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान पथराव की घटना सामने आई, जिसके बाद वहां भी स्थिति तनावपूर्ण हो गई। हालांकि पुलिस और सुरक्षा बलों की त्वरित कार्रवाई से हालात को नियंत्रित कर लिया गया।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now

और पढ़ें