श्री बंशीधर नगर: गढ़वा जिले के श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत नरखोरिया गांव में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात अपराधी ने गांव निवासी उमेश मेहता (50 वर्ष) को उनकी ही दुकान में घुसकर गोली मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, उमेश मेहता अपने दुकान पर बैठे हुए थे। इसी दौरान एक युवक ग्राहक बनकर वहां पहुंचा और सिगरेट तथा गुटखा की मांग की। जैसे ही उमेश मेहता सामान देने लगे, युवक ने अचानक हथियार निकालकर उन पर फायरिंग कर दी। गोली उनके बाएं कंधे में लगी और आर-पार हो गई, जिससे वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।
घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तुरंत अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अपराधी की तलाश में जुटी हुई है।














