---Advertisement---

ओडिशा में तीर्थयात्रियों से भरी बस पलटी, 5 की मौत; 40 घायल

On: March 28, 2026 1:38 PM
---Advertisement---

नयागढ़: ओडिशा के नयागढ़ जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें तीर्थयात्रियों से भरी एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 40 यात्री घायल हो गए। मृतकों में बस चालक समेत चार महिलाएं शामिल हैं, जो सभी बरहमपुर के निवासी बताए जा रहे हैं।

यह दुर्घटना दासपल्ला थाना क्षेत्र के टेकराघाट के पास हनुमान घाटी में हुई। जानकारी के अनुसार, निजी बस बरहमपुर से हरिशंकर दर्शन के लिए जा रही थी और उसमें लगभग 60 यात्री सवार थे। रास्ते में तेज रफ्तार के दौरान एक तीखे मोड़ पर चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस एक बड़ी चट्टान और बिजली के खंभे से टकराकर पलट गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई यात्री बस से बाहर जा गिरे, जबकि 10 से अधिक लोग बस के नीचे दब गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर दासपल्ला और बनिगोछा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही अग्निशमन दल और एंबुलेंस की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बस के नीचे फंसे यात्रियों को निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा। सभी घायलों को पहले दासपल्ला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल करीब 15 लोगों को जिला मुख्यालय अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे की मुख्य वजह बस की तेज रफ्तार थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के अन्य संभावित कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now