झारखंड वार्ता संवाददाता
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। बिरला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल, श्री बंशीधर नगर के छात्रों ने आईआईटी दिल्ली में आयोजित टेकरेडीएन्स ग्रैंड फिनाले में शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस प्रतियोगिता में देशभर से करीब दो हजार छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
रोबोटिक्स वर्कशॉप से चयनित छात्रों ने 400 ग्राम से कम वजन वाले रोबोट बनाकर रोबोट फुटबॉल मैच में हिस्सा लिया। इस दौरान छात्रों ने अपनी तकनीकी समझ और नवाचार क्षमता का बेहतरीन प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में माही सिंह, चंदा कुमारी, दिव्यांशु प्रकाश, अर्थवित कुमार सिंह, वेद प्रकाश, अयान प्रजापति, वैभवी प्रजापति, उत्कर्ष प्रजापति, सौरभ गुप्ता और सोनाली कुमारी सहित कई छात्रों ने भाग लिया। सभी ने अपने रोबोट को डिजाइन और प्रोग्राम करने में कड़ी मेहनत की।
विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों ने छात्रों के इस प्रदर्शन पर खुशी जताई है। विद्यालय के प्रधानाचार्य रवीश प्रजापति ने कहा कि छात्रों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है और उन्हें आगे भी ऐसे मंचों पर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।













