झारखंड वार्ता संवाददाता
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा): धुरकी थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुशैया गांव निवासी 30 वर्षीय धर्मजीत भुइयां अपने रिश्तेदार संदीप भुइयां के साथ बाइक से मुड़ीसेमर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान धुरकी-बिलासपुर मुख्य पथ पर सामने से आ रहे वाहन से बचने के प्रयास में उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे स्थित पुलिया से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि धर्मजीत भुइयां ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि संदीप भुइयां गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और मानवता का परिचय देते हुए घायल को तत्काल इलाज के लिए श्री बंशीधर नगर अनुमंडल अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
सूचना मिलते ही धुरकी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बताया जा रहा है कि सड़क पर तेज रफ्तार और अचानक सामने आए वाहन से बचने के प्रयास में यह हादसा हुआ। इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इधर, हादसे की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।














