रांची, झारखंड: रांची पुलिस ने एक बड़े फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ करते हुए सेना और मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस (MES) में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह ने अब तक कई लोगों से लगभग 70 लाख रुपये की ठगी की है।
लखनऊ मिलिट्री इंटेलिजेंस की सूचना पर कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP), रांची के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था। लखनऊ मिलिट्री इंटेलिजेंस से प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर चुटिया पुलिस और मिलिट्री इंटेलिजेंस ने संयुक्त छापेमारी कर इस सफलता को हासिल किया।
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी
पुलिस ने अरविंद प्रसाद (पिता: राजेंद्र प्रसाद) को गिरफ्तार किया है। आरोपी मूल रूप से आरा, बिहार का रहने वाला है और वर्तमान में रांची के चुटिया स्थित शारदा कॉलोनी में रह रहा था।
पुलिस के अनुसार, वादी मुन्ना कुमार की लिखित शिकायत के आधार पर चुटिया थाना कांड सं.-45/2026 दर्ज किया गया है, जिसमें कुल 07 नामजद अभियुक्तों के खिलाफ धारा 316(2), 318(4), 338, 336(2), 340(2), 61, 111(3) और 111(4) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
बरामद किए गए फर्जी दस्तावेज और सामान
छापेमारी के दौरान आरोपी के पास से भारी मात्रा में जाली दस्तावेज और कार्ड बरामद हुए हैं, जो गिरोह की सक्रियता की पुष्टि करते हैं:
फर्जी आईडी कार्ड: ‘DELHI Crime’ का एक फर्जी कार्ड, 02 MES आईडी कार्ड और HCL एंटरप्राइजेज का फर्जी कार्ड।
जाली मुहर: डॉ. रमेश महासेठ (MBBS Physician) की मुहर और पैड।
कार्ड्स: 03 कैंटीन स्मार्ट कार्ड।
प्रमाण पत्र: 5th Youth Games All India National Championship-2024 के 05 फर्जी सर्टिफिकेट।
अन्य दस्तावेज: नियुक्ति पत्र (Joining Letter), ट्रेनिंग बुकलेट, एग्रीमेंट पेपर, आधार कार्ड, पैन कार्ड और सिम कार्ड।
छापेमारी दल के मुख्य सदस्य
इस सफल ऑपरेशन में रांची के पुलिस उपाधीक्षक (नगर) श्री कुमार वेंकटेश रमण, चुटिया थाना की सह थाना प्रभारी पुनम कुजूर और चुटिया थाने के अन्य सशस्त्र बल शामिल थे।
चेतावनी: पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सरकारी नौकरियों के नाम पर किसी भी बिचौलिए या संदिग्ध व्यक्ति के झांसे में न आएं और हमेशा आधिकारिक माध्यमों से ही आवेदन करें।
फर्जी सेना अधिकारी गिरफ्तार: भर्ती के नाम पर 70 लाख रुपये का गबन











