झारखंड वार्ता संवाददाता
श्री बंशीधर नगर/सगमा (गढ़वा): श्री बंशीधर नगर अनुमंडल अंतर्गत धुरकी थाना क्षेत्र के सोनडीहा गांव निवासी मुकेश यादव की बारात के दौरान हुए विवाद में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनडीहा गांव निवासी धर्मन यादव के घर से डंडई थाना क्षेत्र के रारो गांव में लक्ष्मण यादव के घर बारात गई थी। नाश्ता-पानी के बाद जनवास में दूल्हा दीपक यादव के पास रिश्तेदारों की भीड़ लगी थी। इसी दौरान दूल्हे के रिश्ते में मामा का बेटा रविंद्र यादव दूल्हे को चश्मा पहनाने का प्रयास कर रहा था, जबकि दूल्हा बार-बार मना कर रहा था।
इसी बीच मुकेश यादव ने आपत्ति जताते हुए कहा कि जब दूल्हा चश्मा नहीं पहनना चाहता तो उसे जबरन क्यों पहनाया जा रहा है। इस बात को लेकर मुकेश और रविंद्र के बीच कहासुनी हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया।
हालांकि कुछ देर बाद रविंद्र ने मुकेश को अकेला पाकर उस पर हमला कर दिया और बेरहमी से पिटाई कर दी। मारपीट में मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों की मदद से उसे इलाज के लिए डंडई अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद बारात में अफरा-तफरी मच गई। सुबह जैसे ही शव गांव पहुंचा, पूरे गांव में मातम छा गया।
मृतक के परिजनों ने धुरकी थाना में आरोपी रविंद्र यादव (पिता कामेश्वर यादव, निवासी धूमा, थाना विंधमगंज, उत्तर प्रदेश) के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया है।
इस संबंध में धुरकी थाना प्रभारी जनार्दन राऊत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्द उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
मौके पर पूर्व जीपस नंदगोपाल यादव,प्रमुख अजय साव, बीरबल मुखिया इंद्रजीत कुशवाहा, सोनडीहा मुखिया प्रतिनिधि हनुमंत यादव,दीपक यादव, दशरथ बैठा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।














