चाईबासा:पश्चिम सिंहभूम जिला के टोंटो-गोइलकेरा क्षेत्र में सुरक्षा बलों की नक्सलियों के साथ मुठभेड़ की खबर है। इस मुठभेड़ में एक नक्सली के ढेर होने की खबर है। मौके वारदात से नक्सली के शव के साथ हथियार और अन्य संदिग्ध सामग्री भी बरामद किए गए हैं। मारे गए नक्सली की पहचान का प्रयास जारी है।
बताया जा रहा है कि एक करोड़ के इनामी नक्सली मिसिर बेसरा की तलाश में सुरक्षा बल लगातार जंगलों की टोह रहे हैं। इसी दौरान कोबरा बटालियन 209 के साथ मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया है।
जानकारी के अनुसार, रूटुगुटू, बोरोई और तूनबेड़ा के आसपास के जंगलों में पिछले दो दिनों से लगातार कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा था। यह अभियान विशेष रूप से एक करोड़ के इनामी माओवादी नेता मिसिर बेसरा की तलाश में तेज किया गया था।
बुधवार तड़के करीब साढ़े चार बजे सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों का माओवादियों से आमना-सामना हो गया, जिसके बाद दोनों ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई।
सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती मुठभेड़ के बाद भी इलाके में रुक-रुक कर गोलीबारी जारी रही। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने एक माओवादी को मार गिराया। अधिकारियों के अनुसार, मारा गया माओवादी कमांडर अजय महतो के दस्ते का सदस्य बताया जा रहा है, हालांकि उसकी आधिकारिक पहचान की पुष्टि अभी की जा रही है।
पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेनू ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि ऑपरेशन अभी जारी है और सुरक्षा बल हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं।
उन्होंने कहा कि बरामद हथियार और अन्य सामग्री की गहन जांच की जा रही है, जिससे माओवादी संगठन के नेटवर्क, मूवमेंट और भविष्य की योजनाओं के बारे में अहम जानकारी मिल सकती है।
एक माओवादी की हत्या के बाद बढ़ी थी गतिविधि
गौरतलब है कि हाल ही में गोइलकेरा थाना क्षेत्र में एक पूर्व माओवादी की हत्या की घटना सामने आई थी। इसके बाद से ही सुरक्षा एजेंसियों को इनपुट मिल रहे थे कि माओवादी सारंडा के जंगलों से निकलकर कोल्हान और आसपास के क्षेत्रों में अपनी मौजूदगी बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं।
सुरक्षा एजेंसियों ने पहले ही संकेत दिए थे कि माओवादियों के खिलाफ बड़े स्तर पर अभियान चलाया जाएगा। ताजा मुठभेड़ इसी अभियान का हिस्सा मानी जा रही है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी है और जंगल इलाकों में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है।









