झारखंड वार्ता संवाददाता
श्री बंशीधर नगर(गढ़वा)। स्थानीय सरस्वती विद्या मंदिर में रविवार को पलामू विभाग स्तरीय प्रधानाचार्य बैठक सह विभाग टोली बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, ओम एवं मां शारदे के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और पुष्पार्चन के साथ हुआ।
बैठक में पलामू विभाग के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों ने भाग लिया। इस अवसर पर विभाग निरीक्षक अखिलेश कुमार ने बताया कि बैठक का उद्देश्य आगामी शैक्षणिक सत्र की योजना तैयार करना और विद्यालयों के समग्र विकास को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि विद्या भारती के कार्यकर्ता राष्ट्रहित और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध हैं।
बैठक के दौरान वर्षभर की कार्ययोजना, शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन एवं विभिन्न विभागों को सशक्त बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि विभाग स्तरीय बैठक के बाद प्रांतीय स्तर पर प्रधानाचार्य सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें झारखंड के सभी विद्या भारती विद्यालयों के प्रधानाचार्य शामिल होंगे।
कार्यक्रम में भवनाथपुर नगरी के प्रधानाचार्य शिवबालक प्रसाद द्वारा विभाग निरीक्षक अखिलेश कुमार को बाबा बंशीधर का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य रविकांत पाठक ने सभी आगंतुक प्रधानाचार्यों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
बैठक में ज्वाला तिवारी, कृष्ण मुरारी, राजीव रंजन पांडेय, उत्तम कुमार मुखर्जी, मनोज पांडेय, जयंत कुमार, अजीत कुमार, राजवल्लभ शर्मा, अजय कुमार रजक, विन्ध्येश्वरी सिंह, जितेंद्र राम, मनोज कुमार गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन कल्याण मंत्र के साथ हुआ।
सरस्वती विद्या मंदिर में विभाग स्तरीय प्रधानाचार्य बैठक सम्पन्न












