श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। गढ़वा जिले के श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र में पहचान छिपाकर प्रेम संबंध बनाने और शादी का झांसा देकर युवती को प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। रांची जिले के बेड़ो थाना क्षेत्र के केशा गांव निवासी एक युवती ने नगर उंटारी महिला थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। युवती ने युवक और उसके परिजनों पर धोखा देने, मारपीट करने तथा मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
पीड़िता के अनुसार करीब छह महीने पहले वह रोजगार के सिलसिले में हैदराबाद में रह रही थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात नगर उंटारी थाना क्षेत्र के कुष्डदंड गांव निवासी इनायत अंसारी से हुई। युवती का आरोप है कि युवक ने अपना नाम बदलकर खुद को ‘सोनू’ नाम का हिंदू और अविवाहित युवक बताया तथा धीरे-धीरे उसे प्रेमजाल में फंसा लिया।
युवती ने बताया कि जनवरी 2026 में युवक उसे शादी का झांसा देकर अपने गांव लेकर आया। गांव पहुंचने के बाद उसे पता चला कि जिस युवक को वह सोनू समझ रही थी, उसका असली नाम इनायत अंसारी है और वह पहले से शादीशुदा होने के साथ दो बच्चों का पिता भी है।
पीड़िता का आरोप है कि सच्चाई सामने आने के बाद उस पर खान-पान और रहन-सहन बदलने का दबाव बनाया जाने लगा। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। युवती ने आवेदन में इनायत अंसारी के अलावा उसके पिता जहरूदीन अंसारी, मां मैरून बीबी तथा अन्य परिजनों पर भी प्रताड़ना का आरोप लगाया है।
स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि इस मामले में पहले भी पुलिस के पास शिकायत पहुंची थी। उस समय दोनों पक्षों के बीच समझौता कराकर युवती को वापस भेज दिया गया था। लेकिन आरोप है कि इसके बाद भी प्रताड़ना का सिलसिला नहीं रुका और हालात बिगड़ने पर युवती ने दोबारा महिला थाना पहुंचकर कार्रवाई की मांग की।
मामले को लेकर महिला थाना प्रभारी रुक्मिणी कुमारी ने बताया कि युवती का आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद इलाके में मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।










