---Advertisement---

MP: हाई प्रोफाइल ट्विशा शर्मा मौत मिस्ट्री मामले में सरेंडर करने पहुंचे पति समर्थ को भोपाल पुलिस ने हिरासत में लिया

On: May 22, 2026 10:30 PM
---Advertisement---

मध्य प्रदेश: पूरे देश भर में चर्चित हाई प्रोफाइल ट्विशा शर्मा मौत मिस्ट्री मामले में पति समर्थ सिंह जबलपुर कोर्ट सरेंडर करने पहुंचा था लेकिन कोर्ट ने उसे भोपाल कोर्ट में समर्पण करने के लिए कहा। इसी दरमियान भोपाल पुलिस ने उसे अपने हिरासत में ले लिया। इस बात की पुष्टि डीएसपी ने की है।

बता दें कि पुलिस ने उसके खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया था और उसे पकड़वाने वाले को ₹30000 इनाम का भी ऐलान किया था। वह 12 मई से अपनी पत्नी ट्विशा शर्मा की मौत के बाद से फरार था।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जबलपुर कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा समर्थ पहली बार उसने टोपी, चश्मा और मास्क से अपना मुंह छुपा रखा था. साथ ही सफेद रंग का गमछा भी ओढ़ रखा था. मीडिया के बार-बार सवाल पूछने के बावजूद उसने कोई जवाब नहीं दिया.

भोपाल पुलिस अब समर्थ स‍िंह से पूछताछ करेगी. इसमें ट्विशा की मौत से जुड़े कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है. 12 मई की रात ट्विशा शर्मा की संद‍िग्‍ध हालत में मौत के बाद से समर्थ स‍िंह फरार था. ट्विशा शर्मा के पर‍िजनों ने पत‍ि समर्थ स‍िंह पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं.

मॉडल और एक्टर ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है. इस हाई-प्रोफाइल केस में काफी दिनों से फरार चल रहे उसके पति समर्थ सिंह के सामने आने के बाद अब इस पूरे मामले में जांच के और तेज होने की संभावना जताई जा रही है. समर्थ सिंह के वकील के मुताबिक, उसने पहले अपनी अग्रिम जमानत याचिका वापस ली और उसके बाद अदालत में आत्मसमर्पण करने का फैसला किया.
समर्थ सिंह के वकील सौरभ सुंदर ने मीडिया से कहा कि वह सरेंडर करने के लिए आया था. हमने सीजेएम के समक्ष एक अर्जी भी दाखिल की है.

समर्थ सिंह अपनी पहचान छुपाने के लिए चश्मा, मास्क और टोपी पहने हुए था. जब अदालत परिसर में मौजूद पत्रकारों ने उससे ट्विशा शर्मा की मौत, दहेज प्रताड़ना और उस पर लगे आरोपों को लेकर सवाल पूछे, तो उसने किसी भी सवाल का कोई जवाब नहीं दिया और पूरी तरह चुप्पी साधे रखी.
वहीं ट्विशा शर्मा के वकील अनुराग श्रीवास्तव ने मीडिया से कहा, “इससे पहले, वह कोर्ट नंबर 32 के अंदर बैठा हुआ था, जो कि जिला एवं सत्र न्यायाधीश का कोर्टरूम है, और उसके दरवाजे बंद थे. उसे किस अधिकार के तहत उस कमरे में बैठने की अनुमति दी गई थी?”
उन्होंने कहा, “इससे समझ में आता है कि ज्यूडिशियरी उसके सपोर्ट में कितनी ज्यादा है. मैं एसआईटी और लोकल पुलिस को कहना चाहता हूं कि उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कीजिए. उसको तुरंत अरेस्ट किया जाए. वो यहां सरेंडर करने आया था. यहां के सारे जज जा चुके थे और वो जिला जज के चैंबर में दरवाजा बंद कर के बैठा था. जब मैंने दरवाजा खुलवाया तो वहां से भागा और बार एसोसिएशन के चैंबर में बैठ गया.”

ट्विशा के शव का दोबारा होगा पोस्टमार्टम

इससे पहले ट्विशा शर्मा मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम देखने को मिला. हाईकोर्ट ने दोबारा पोस्टमार्टम को मंजूरी दे दी, जिसमें दिल्ली एम्स के डॉक्टर्स भोपाल आकर जांच करेंगे.
बता दें कि ट्विशा शर्मा 12 मई की रात भोपाल स्थित अपने ससुराल में मृत पाई गईं थी. पुलिस के अनुसार, उन्हें कथित तौर पर 12 मई की रात लगभग 10:26 बजे घर की छत पर जिम्नास्टिक रिंग की रस्सी से लटका हुआ पाया गया था. उनका पोस्टमार्टम 13 मई को एम्स भोपाल के फोरेंसिक मेडिसिन और टॉक्सिकोलॉजी विभाग में किया गया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रस्सी से फांसी लगाने को मौत का कारण बताया गया था.

Satish Sinha

मैं सतीश सिन्हा, बीते 38 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने कई अखबारों और समाचार चैनलों में रिपोर्टर के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को इमानदारी से उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले तकरीबन 6 वर्षों से मैं 'झारखंड वार्ता' से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ।

Join WhatsApp

Join Now