कांडी : झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों का भौतिक सत्यापन बुधवार को बलियारी पंचायत सचिवालय में किया गया । सत्यापन अभियान को लेकर सुबह से ही पंचायत सचिवालय परिसर में महिलाओं की लंबी कतार लगी रही। बड़ी संख्या में महिला लाभुक आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचीं और अपनी पात्रता का सत्यापन कराया।
सत्यापन कार्य के दौरान लाभुकों के आधार कार्ड, बैंक पासबुक सहित अन्य दस्तावेजों की जांच की गई। योजना का लाभ सही एवं जरूरतमंद महिलाओं तक पहुंचे, इसे लेकर प्रशासनिक स्तर पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पूरे दिन पंचायत सचिवालय में गहमागहमी का माहौल बना रहा।
बलियारी पंचायत के प्रभारी मुखिया पुरुषोत्तम कुमार ने कहा कि सरकार की यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। पंचायत स्तर पर पारदर्शिता के साथ कार्य कराया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र महिला योजना के लाभ से वंचित न रहे।
वहीं पंचायत सचिव अंजनी प्रसाद ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार लाभुकों का सत्यापन गंभीरता एवं निष्पक्षता के साथ किया जा रहा है। उन्होंने महिलाओं से सही दस्तावेजों के साथ पहुंचकर सत्यापन कराने की अपील की।
मौके पर पंचायत प्रतिनिधि, कर्मी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।










