---Advertisement---

BREAKING : चंदिताला में तृणमूल-भाजपा समर्थकों के बीच झड़प, सांसद कल्याण बनर्जी घायल

On: May 31, 2026 12:34 PM
---Advertisement---

थाना के बाहर बढ़ा तनाव, भारी पुलिस बल और केंद्रीय सुरक्षा बल तैनात

झारखंड वार्ता संवाददाता

कोलकाता/चंदिताला। पश्चिम बंगाल के चंदिताला थाना क्षेत्र में रविवार को तृणमूल कांग्रेस और भाजपा समर्थकों के बीच हुई झड़प के बाद इलाके में भारी तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना में सेरामपुर से तृणमूल सांसद कल्याण बनर्जी घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक माहौल पूरी तरह गर्म हो गया है।

जानकारी के अनुसार तृणमूल कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के विरोध में पार्टी कार्यकर्ताओं को चंदिताला पुलिस स्टेशन में ज्ञापन सौंपना था। कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही थाना परिसर के आसपास बड़ी संख्या में दोनों पक्षों के समर्थक जुट गए थे, जिससे माहौल तनावपूर्ण बना हुआ था।

तृणमूल की ओर से आरोप लगाया गया कि भाजपा समर्थकों द्वारा उनके कार्यकर्ताओं को निशाना बनाते हुए “चोर-चोर” के नारे लगाए जा रहे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई और देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस दौरान तृणमूल सांसद कल्याण बनर्जी पर हमला हुआ, जिसमें उन्हें चोटें आईं। बताया जा रहा है कि घटना में उन्हें चोट लगने से खून भी बहने लगा। घटना के बाद उनके समर्थकों में आक्रोश फैल गया।

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले सोनारपुर में तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी को भी विरोध प्रदर्शन के दौरान तनावपूर्ण स्थिति का सामना करना पड़ा था। लगातार दो दिनों में तृणमूल के दो सांसदों के घायल होने से राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल एवं केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।

फिलहाल पूरे मामले को लेकर जांच जारी है तथा पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

Shubham Jaiswal

“मैं शुभम जायसवाल, बीते आठ वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने विभिन्न प्रतिष्ठित अखबारों और समाचार चैनलों में प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले पाँच वर्षों से मैं साप्ताहिक अखबार ‘झारखंड वार्ता’ से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ। पत्रकारिता मेरे लिए केवल पेशा नहीं बल्कि समाज और जनता के प्रति एक जिम्मेदारी है, जहाँ मेरी कलम हमेशा सच और न्याय के पक्ष में चलती है।

Join WhatsApp

Join Now