---Advertisement---

झारखंड में बदला मौसम का मिजाज, इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

On: May 31, 2026 12:27 PM
---Advertisement---

रांची में पेड़ गिरने से बिजली व्यवस्था ठप, चार उड़ानें डायवर्ट; कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

रांची। झारखंड में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली, जिससे राज्य के कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ। तेज आंधी, बारिश और मेघ गर्जन के कारण कई इलाकों में सामान्य जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। राजधानी रांची सहित विभिन्न क्षेत्रों में तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने तथा यातायात प्रभावित होने की घटनाएं सामने आईं। मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटे तक राज्य में इसी प्रकार का मौसम बने रहने की संभावना जताई है।

राजधानी रांची के डोरंडा बाजार क्षेत्र में तेज हवा के कारण एक विशाल पेड़ सड़क पर गिर गया, जिससे बिजली आपूर्ति कई घंटों तक बाधित रही। वहीं सड़क अवरुद्ध होने के कारण यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई। स्थानीय प्रशासन की टीम द्वारा पेड़ हटाने का कार्य किया गया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका।

खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा। रांची आने वाली चार उड़ानों को मौसम खराब होने के कारण कोलकाता डायवर्ट करना पड़ा, जबकि एक विमान सेवा को रद्द कर दिया गया। यात्रियों को इससे काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग ने रविवार को भी राज्य के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश, वज्रपात और मेघ गर्जन की चेतावनी जारी की है। रांची, खूंटी, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, रामगढ़, धनबाद, कोडरमा और गिरिडीह जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

बीते 24 घंटे के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। खूंटी में 19 मिमी, रांची में आठ मिमी तथा सिमडेगा में 37 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं धनबाद जिले के तोपचांची में सबसे अधिक 77.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार 1 जून से 3 जून तक भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवा और वज्रपात की संभावना बनी हुई है। दक्षिणी एवं मध्य क्षेत्रों के साथ उत्तर-पश्चिमी जिलों में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है।

Shubham Jaiswal

“मैं शुभम जायसवाल, बीते आठ वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने विभिन्न प्रतिष्ठित अखबारों और समाचार चैनलों में प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले पाँच वर्षों से मैं साप्ताहिक अखबार ‘झारखंड वार्ता’ से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ। पत्रकारिता मेरे लिए केवल पेशा नहीं बल्कि समाज और जनता के प्रति एक जिम्मेदारी है, जहाँ मेरी कलम हमेशा सच और न्याय के पक्ष में चलती है।

Join WhatsApp

Join Now