---Advertisement---

डीजल-पेट्रोल की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ की नारेबाजी, प्रधानमंत्री का पुतला दहन

On: June 4, 2026 5:17 PM
---Advertisement---

महंगाई के खिलाफ वाम जनवादी मोर्चा का प्रदर्शन

झारखंड वार्ता संवाददाता

श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। डीजल-पेट्रोल की कीमतों में वृद्धि और लगातार बढ़ती महंगाई के विरोध में बुधवार को वाम जनवादी मोर्चा के तत्वावधान में श्री बंशीधर नगर बस स्टैंड परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

कार्यक्रम की शुरुआत हेन्हों मोड़ से हुई, जहां वाम जनवादी मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के पुतले के साथ विरोध जुलूस निकाला। जुलूस मुख्य मार्ग से होते हुए बस स्टैंड पहुंचा, जहां राजद नेता दयानंद पांडेय द्वारा पुतला दहन किया गया।

जुलूस में शामिल कार्यकर्ता “डीजल-पेट्रोल की बढ़ी कीमतें वापस लो”, “महंगाई पर रोक लगाओ”, “हर जोर-जुल्म के टक्कर में संघर्ष हमारा नारा है”, “मोदी सरकार हाय-हाय”, “भाजपा सरकार हाय-हाय”, “वाम जनवादी मोर्चा जिंदाबाद” जैसे नारे लगा रहे थे।

पुतला दहन के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए भाकपा के जिला सचिव रामेश्वर प्रसाद अकेला ने कहा कि केंद्र सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि डीजल और पेट्रोल की कीमतों में वृद्धि का सीधा असर आम जनता पर पड़ा है, जिससे आवश्यक वस्तुओं के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं और लोगों की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को आम जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। ऐसी स्थिति में जनता के पास आंदोलन और संघर्ष के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में जनहित के मुद्दों को लेकर आंदोलन और तेज किया जाएगा।

इस मौके पर भाकपा राज्य परिषद सदस्य विनोद ठाकुर, कांग्रेस सेवा दल के जिला मुख्य संगठक ईश्वरी चौधरी, कांग्रेस जिला महामंत्री ओमप्रकाश चौबे, माकपा जिला सचिव जयप्रकाश गुप्ता, बिरेन्द्र राम, नसीर अंसारी, श्रीराम, रामनाथ उरांव, खलील खान, मोती राम, गोपाल यादव, रामकेवल महतो, विद्या पासवान, नगीना पासवान, राजू विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Shubham Jaiswal

“मैं शुभम जायसवाल, बीते आठ वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने विभिन्न प्रतिष्ठित अखबारों और समाचार चैनलों में प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले पाँच वर्षों से मैं साप्ताहिक अखबार ‘झारखंड वार्ता’ से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ। पत्रकारिता मेरे लिए केवल पेशा नहीं बल्कि समाज और जनता के प्रति एक जिम्मेदारी है, जहाँ मेरी कलम हमेशा सच और न्याय के पक्ष में चलती है।

Join WhatsApp

Join Now