---Advertisement---

दिशा बैठक में मंझिआंव नगर पंचायत के विकास को लेकर अध्यक्ष सुमित्रा देवी ने सांसद को सौंपा मांग पत्र

On: June 4, 2026 8:53 PM
---Advertisement---

मंझिआँव:गढ़वा जिला समाहरणालय सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक पलामू लोकसभा क्षेत्र के माननीय सांसद की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जिले के विभिन्न विकास कार्यों एवं योजनाओं की समीक्षा की गई।
इस अवसर पर नगर पंचायत मंझिआंव की अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा देवी ने नगर पंचायत क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण तथा पर्यटन संवर्धन से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं के कार्यान्वयन हेतु माननीय सांसद को एक मांग पत्र सौंपा।
मांग पत्र में खजुरी डैम को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से नौकायान (बोटिंग) सेवा प्रारंभ कराने की मांग की गई, ताकि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकें। इसके साथ ही खजुरी डैम के समीप वन विभाग की खाली भूमि पर बायोडायवर्सिटी पार्क के निर्माण का प्रस्ताव भी रखा गया, जिससे क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बल मिलेगा।
अध्यक्ष ने वार्ड संख्या-12 खजुरी से मंझिआंव मुख्य बाजार होते हुए वार्ड संख्या-04 पृथ्वीचक तक पीडब्ल्यूडी मुख्य पथ के किनारे आवश्यकतानुसार नाली एवं पाथवे निर्माण कराने की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि इस योजना के क्रियान्वयन से जल निकासी की समस्या का समाधान होगा तथा आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
इसके अलावा बाजार समिति की खाली भूमि पर दुकान एवं आधुनिक मार्केट कॉम्प्लेक्स के निर्माण का प्रस्ताव भी सांसद के समक्ष रखा गया। इससे क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे।
श्रीमती सुमित्रा देवी ने विश्वास व्यक्त किया कि माननीय सांसद इन जनहितकारी योजनाओं को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित करेंगे। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से नगर पंचायत मंझिआंव के विकास को नई गति मिलेगी और क्षेत्र के लोगों को इसका प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा।

Satish Sinha

मैं सतीश सिन्हा, बीते 38 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने कई अखबारों और समाचार चैनलों में रिपोर्टर के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को इमानदारी से उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले तकरीबन 6 वर्षों से मैं 'झारखंड वार्ता' से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ।

Join WhatsApp

Join Now