जमशेदपुर: चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के नामजद आरोपी और डीडी बार के संचालक तथा भाजपा नेता नीरज सिंह को राजस्थान के सीकर जिले से गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, बार के मैनेजर विजय कुमार को भी ओडिशा से हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, नीरज सिंह की लोकेशन मोबाइल सर्विलांस के जरिए ट्रैक की गई। इसके बाद जमशेदपुर पुलिस से मिली सूचना पर सीकर पुलिस ने रविवार देर शाम खाटू श्याम मंदिर के समीप उन्हें उस समय पकड़ लिया, जब वे अपने बेटे के साथ दर्शन के लिए जा रहे थे। उल्लेखनीय है कि उनकी अग्रिम जमानत याचिका पर सोमवार को अदालत में सुनवाई होनी थी।
इस मामले की जांच कर रही एसआईटी पिछले कई दिनों से नीरज सिंह की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी। मानगो स्थित उनके घर सहित कई संभावित ठिकानों की तलाशी ली गई। जांच के दौरान पुलिस ने करीब 3.5 करोड़ रुपये कीमत की एक लग्जरी कार समेत दो वाहन भी जब्त किए। इसके अलावा कोलकाता, बेंगलुरु और अन्य राज्यों में भी उनकी तलाश जारी थी।
यह मामला 27 जून की रात बिष्टुपुर स्थित डीडी बार में हुए हिंसक विवाद से जुड़ा है। आरोप है कि दो पक्षों के बीच हुए झगड़े के बाद धारदार हथियारों से हमला किया गया, जिसमें करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान 29 जून को टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में उनकी मौत हो गई। वहीं, घायल प्रत्युष आनंद का इलाज अब भी कोलकाता के एक अस्पताल में चल रहा है।
मृतक के पिता अरविंद सिंह की शिकायत पर बिष्टुपुर थाना में नीरज सिंह, विजय कुमार, सोनू राम सरदार, विश्वनाथ मंडल, राहुल, राज लोहार, अमित लोहार समेत कई लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब तक तीन नाबालिगों सहित सोनू राम सरदार और राज लोहार को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। हालांकि, पुलिस के अनुसार दो लाख रुपये का इनामी और मामले का मुख्य शूटर विश्वनाथ मंडल अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
जमशेदपुर हिमांशु सिंह हत्याकांड: राजस्थान से डीडी बार का मालिक नीरज सिंह,ओडिशा से मैनेजर भी पुलिस के शिकंजे में













