बरडीहा : प्रखंड मुख्यालय स्थित सुकौवा दोहर मैदान (बालिका आवासीय विद्यालय के समीप) में गुरुवार को 65वीं सुब्रतो मुखर्जी अंतर विद्यालय फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं फीता काटकर किया। इसके पश्चात उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा फुटबॉल पर किक लगाकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि खेल के मैदान से ही बच्चों में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता तथा देश के लिए कुछ कर गुजरने का जज्बा विकसित होता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और अनुशासन का पालन करते हुए प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया।
उन्होंने सुब्रतो मुखर्जी कप के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सुब्रतो मुखर्जी भारतीय वायु सेना के प्रथम चीफ एयर मार्शल थे। उनकी दूरदर्शी सोच के परिणामस्वरूप इस प्रतिष्ठित फुटबॉल प्रतियोगिता की शुरुआत हुई। आज भी इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन भारतीय वायु सेना खेल नियंत्रण बोर्ड एवं भारत सरकार के युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में किया जाता है।
उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों से हाथ मिलाया, उनका उत्साहवर्धन किया तथा प्रतियोगिता के सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य अर्चना प्रकाश, थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह, प्रखंड स्तरीय शिक्षा पदाधिकारी, विभिन्न प्रतिभागी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, खेल शिक्षक, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने किया 65वीं सुब्रतो मुखर्जी अंतर विद्यालय फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य उद्घाटन













