जमशेदपुर:झारखंड के बहुचर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में जांच कर रही पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। लंबे समय से फरार चल रहा आरोपी राहुल दुबे आखिरकार बिष्टुपुर थाना पहुंचकर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। राहुल की तलाश में पुलिस कई राज्यों में लगातार अभियान चला रही थी और उसकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की जा रही थी।
राहुल दुबे के सरेंडर के बाद अब जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि हत्या से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं से पर्दा उठ सकता है। पुलिस उससे विस्तृत पूछताछ कर पूरी साजिश, वारदात में शामिल लोगों की भूमिका और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने की तैयारी में है। अधिकारियों का मानना है कि उसके बयान से मामले में कुछ नए तथ्य सामने आ सकते हैं।
पुलिस के मुताबिक, इस हत्याकांड में अब तक मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल सहित 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक नाबालिग को भी कानून के तहत हिरासत में लिया गया है। जांच में सामने आया है कि घटना के दौरान राहुल दुबे भी मुख्य आरोपी के साथ मौजूद था, इसलिए उसकी भूमिका को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
गौरतलब है कि 27 जून की रात बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डबल डाउन बार के बाहर करणी सेना के युवा नेता हिमांशु सिंह की हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि उन्हें पहले वाहन से बाहर निकाला गया और उसके बाद धारदार हथियारों से हमला किया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे राज्य में भारी आक्रोश देखने को मिला था और पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए लगातार कार्रवाई की।
हिमांशु सिंह मर्डर केस में बड़ा अपडेट, राहुल दुबे ने पुलिस के सामने किया आत्मसमर्पण









