राहुल बच्चा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता, फरार आरोपी विक्की सिंह गिरफ्तार
जमशेदपुर:8 जुलाई को मानगो के मुंशी मोहल्ला स्थित नजीरिया स्कूल के पास हुए राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा हत्याकांड में पुलिस ने एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी विक्की सिंह उर्फ अप्पा राव उर्फ बल्लू को पुलिस ने रविवार देर रात बिरसानगर इलाके से गिरफ्तार कर लिया।
सोमवार को आयोजित प्रेसवार्ता में सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि वारदात के बाद से आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था, जिससे उसकी गिरफ्तारी में समय लगा। हालांकि पुलिस की लगातार छापेमारी और तकनीकी जांच के आधार पर उसे बिरसानगर से दबोच लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।
पुलिस के अनुसार, विक्की सिंह का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ उलीडीह थाना में दो और सिदगोड़ा थाना में तीन मामले पहले से दर्ज हैं। वह पूर्व में जेल भी जा चुका है।
गौरतलब है कि 8 जुलाई की शाम राहुल बच्चा की गोली मारने के बाद ईंट-पत्थरों से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। जांच में सामने आया कि एक युवती से जुड़े प्रेम प्रसंग को लेकर राहुल और साहेब सिंह उर्फ सब्बे के बीच विवाद चल रहा था। घटना से तीन दिन पहले भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी।
इस मामले में पुलिस इससे पहले साहेब सिंह उर्फ सब्बे, सौरभ दत्ता उर्फ बंगाली, अमरजीत प्रसाद उर्फ पांडेय और आफताब अली बाबा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। अब विक्की सिंह की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
