खासम ख़ासचतराझारखंड

चतरा में खैनी को लेकर खूनी विवाद, एसपी आवास के सामने निजी गार्ड ने साथी को मारी गोली, मौके पर गिरफ्तारी

ख़बर को शेयर करें

चतरा:झारखंड के चतरा में एसपी आवास के सामने स्थित वीवीआईपी क्षेत्र में सोमवार (21 जुलाई) दोपहर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। मामूली कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई, जब एक निजी सुरक्षाकर्मी ने अपने ही साथी पर सर्विस राइफल से गोली चला दी। गोली सिर में लगने से घायल सुरक्षाकर्मी की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर करीब 2:30 बजे की है। मृतक की पहचान बिहार के बक्सर निवासी अतुल कुमार सिंह (30) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी बलवीर सिंह (30) उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ का रहने वाला है। दोनों एक निजी सुरक्षा एजेंसी के माध्यम से रमिया कंस्ट्रक्शन कंपनी के संचालक विनीत यादव उर्फ रॉकी यादव की सुरक्षा में तैनात थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों सुरक्षाकर्मी एसपी आवास के बाहर खड़ी कार में बैठे थे। इसी दौरान खैनी मांगने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी बलवीर सिंह ने अपनी राइफल से अतुल कुमार सिंह के सिर पर गोली दाग दी। गोली लगते ही अतुल जमीन पर गिर पड़ा और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास तैनात पुलिस और सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे। आरोपी भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन उसे हथियार सहित मौके पर ही पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है। एसपी आवास के सामने हुई इस घटना से इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

Avatar photo

Satish Sinha

मैं सतीश सिन्हा, बीते 38 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने कई अखबारों और समाचार चैनलों में रिपोर्टर के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को इमानदारी से उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले तकरीबन 6 वर्षों से मैं 'झारखंड वार्ता' से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ।