July 26, 2026

श्रावणी मेला 2026: 28 जुलाई तक पूरी हो जाएंगी तैयारियां, एआई कंट्रोल रूम से होगी निगरानी

1200-675-27236344-thumbnail-16x9-mela-aspera.jpg

मंत्री सुदिव्य कुमार ने देवघर में श्रावणी मेला की तैयारियों की समीक्षा की.

श्रावणी मेला की तैयारी को लेकर मंत्री ने की बैठकदेवघर. (ईटीवी भारत)

देवघर: राजकीय श्रावणी मेले की तैयारियों का जायजा लेने शनिवार को झारखंड सरकार के पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनी देवघर पहुंचे.

यहां मंत्री ने सबसे पहले कांवरिया पथ का निरीक्षण किया. इसके बाद सर्किट हाउस में जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ लंबी समीक्षा बैठक की और मेले की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की.

इस बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए मंत्री ने कहा कि इस साल श्रावणी मेले में श्रद्धालुओं को पहले से बेहतर सुविधाएं मुहैया करायी जायेंगी. उन्होंने कहा कि सभी टेंट सिटी में आवास व्यवस्था को और मजबूत किया गया है. इसके अलावा, पीने के पानी, शौचालय, स्नानघर, धुंध शीतलन और इंद्र वर्षा (जल स्प्रे) जैसी सुविधाओं का भी विस्तार किया गया है, ताकि लाखों भक्तों को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।

मंत्री ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को भी हाईटेक बनाया जा रहा है. मेला क्षेत्र में स्थापित ओपी, ट्रैफिक ओपी, स्वास्थ्य केंद्र, सूचना एवं सहायता केंद्र, विद्युत केंद्र, पर्यटन केंद्र एवं मातृत्व विश्राम गृह के साथ-साथ टेंट सिटी में तैनात पुलिसकर्मियों एवं कर्मचारियों को आधुनिक तकनीक के साथ समर्पित भाव से श्रद्धालुओं की सेवा करने का निर्देश दिया गया है.

उन्होंने बताया कि इस बार पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी एआई आधारित इंटीग्रेटेड मेला कंट्रोल रूम से की जायेगी. ताकि व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जा सके। पर्यटन मंत्री ने आश्वासन दिया कि 28 जुलाई तक श्रावणी मेले से संबंधित सभी तैयारियां धरातल पर पूरी कर ली जायेंगी.

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रस्तावित देवघर दौरे में बदलाव पर मंत्री ने कहा कि अपरिहार्य कारणों से मुख्यमंत्री शनिवार को नहीं आ सके. हालांकि उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले एक-दो दिनों में मुख्यमंत्री देवघर आ सकते हैं.

वहीं, स्थानीय सांसद निशिकांत दुबे द्वारा श्रावणी मेला की तैयारियों और राज्य सरकार की कार्यप्रणाली को लेकर उठाये गये सवालों पर भी मंत्री ने पलटवार किया. उन्होंने कहा कि सांसद का यह कहना कि पिछले सात वर्षों से श्राइन बोर्ड की बैठक नहीं हुई है, तथ्यात्मक रूप से सही नहीं है. मंत्री के मुताबिक, उनके कार्यकाल के दौरान श्राइन बोर्ड की बैठक दो बार हो चुकी है और शनिवार को हुई समीक्षा बैठक भी श्राइन बोर्ड की बैठक का ही हिस्सा थी.

आपको बता दें कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का शनिवार को देवघर आगमन का कार्यक्रम प्रस्तावित था लेकिन आखिरी वक्त में इसमें बदलाव कर दिया गया. इसके बाद पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनी ने देवघर पहुंचकर तैयारियों की कमान संभाली और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. मंत्री ने मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सांसद निशिकांत दुबे की राजनीतिक टिप्पणी का भी जवाब दिया और सरकार और मुख्यमंत्री का बचाव किया.

ये भी पढ़ें- श्रावणी मेला की तैयारियों पर सांसद निशिकांत दुबे ने उठाए सवाल, कहा- 7 साल से नहीं हुई श्राइन बोर्ड की बैठक

ये भी पढ़ें- श्रावणी मेला 2026: दुमका डीसी ने तैयारियों का लिया जायजा

ये भी पढ़ें- श्रावणी मेला 2026: स्वास्थ्य से लेकर यातायात तक विशेष इंतजाम, लगेंगे 35 स्वास्थ्य शिविर, कांवरिया रूट पर बड़े वाहनों की नो एंट्री.

Source link

ख़बर को शेयर करें।