कोल परियोजना क्षेत्र में फायरिंग में ट्रक ड्राइवर को लगी गोली, राहुल दुबे गिरोह का पर्चा मिला
गिद्दी ए परियोजना क्षेत्र (ईटीवी भारत)
रामगढ: जिले से सटे हजारीबाग जिले के गिद्दी ए परियोजना क्षेत्र में शनिवार की शाम गोलीबारी की घटना से दहशत फैल गयी. यहां बाइक सवार अपराधियों ने एक गाड़ी को निशाना बनाकर फायरिंग की.
इस गोलीबारी में हाइवा के सहायक करण कुमार के दोनों पैरों में गोली लग गयी और वह गंभीर रूप से घायल हो गये. मौके से एक धमकी भरा पर्चा भी बरामद हुआ है, जिसमें कथित तौर पर राहुल दुबे गिरोह ने घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है.
ड्राइवर का बयान (ईटीवी भारत)
इस पर्चे में आनंद जैन को ‘मैनेज’ करने की धमकी दी गई है और गंभीर परिणाम भुगतने की भी चेतावनी दी गई है. इसके बाद पुलिस ने पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी.
प्रत्यक्षदर्शी और वाहन चालक अनुज ने बताया कि एक बाइक पर तीन युवक गिद्दी ए प्रोजेक्ट के क्रशर के पास पहुंचे और पहले वाहन के पास मौजूद मुंशी को एक पर्चा दिया और फिर अचानक गोलियां बरसानी शुरू कर दीं. इस फायरिंग के दौरान क्लर्क करण कुमार के दोनों पैरों में गोली लग गई. जिसके बाद उन्हें तुरंत इलाज के लिए गिद्दी सीसीएल अस्पताल ले जाया गया. जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है.
फायरिंग में युवक घायल (ईटीवी भारत)
इस घटना की जानकारी मिलते ही गिद्दी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने आसपास के इलाकों में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया है. घटना स्थल के आसपास लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है और अपराधियों के भागने के रास्तों का पता लगाया जा रहा है. पुलिस पर्चा व अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
गिद्दी थाना प्रभारी मो. इकबाल हुसैन ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है. घटनास्थल पर मिले पर्चे समेत सभी साक्ष्य जब्त कर लिये गये हैं. आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.
इस घटना के बाद गिद्दी ए परियोजना में कार्यरत कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में भय का माहौल है. पुलिस प्रशासन ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर छापेमारी शुरू कर दी है. पुलिस फिलहाल फायरिंग के पीछे की असली वजह और धमकी भरे पर्चे से इसके कनेक्शन की जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें- रांची में शराब पीकर प्राइवेट बॉडीगार्ड ने की फायरिंग, पुलिस ने किया गिरफ्तार, राइफल जब्त
ये भी पढ़ें- चतरा में एसपी आवास के सामने दिनदहाड़े फायरिंग, एक प्राइवेट गार्ड ने दूसरे को मारी गोली, एक की मौत
ये भी पढ़ें- गढ़वा के बड़गड़ में दिनदहाड़े बाइक सवार युवक की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस।
