धान के खेत में लगा था बिजली सपोर्ट तार: पलामू में करंट की चपेट में आया बेटा, बचाने गई मां हुई हादसे का शिकार
![]()
पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र के दुलसुलमा गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां एक ही परिवार के तीन लोग करंट की चपेट में आ गये. इस घटना में 50 वर्षीय मीना देवी की मौके पर ही मौत हो गयी. जबकि उनका बेटा भीम कुमार सिंह और बहू मुन्नी देवी गंभीर रूप से झुलस गये. जानकारी के मुताबिक, परिवार धान की रोपाई से पहले खेत तैयार करने गया था. इसी दौरान खेत में उतरने के दौरान भीम कुमार सिंह वहां लगे बिजली सपोर्ट तार के संपर्क में आ गये, जिससे उन्हें जोरदार करंट लगा और वे वहीं गिर गये. भीम को करंट से तड़पता देख उसकी मां मीना देवी और बहू मुन्नी देवी उसे बचाने के लिए दौड़ीं, लेकिन अनजाने में वे भी करंट की चपेट में आ गईं। कुछ देर तक तीनों वहीं पड़े रहे, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई. मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह तीनों को करंट से अलग किया। उन्हें तत्काल इलाज के लिए नवजीवन अस्पताल तुम्बागाड़ा ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद मीना देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि भीम कुमार सिंह और मुन्नी देवी की स्थिति गंभीर बनी हुई है. दोनों घायलों की हालत चिंताजनक है. डॉक्टरों के मुताबिक भीम कुमार सिंह बेहोशी की हालत में हैं, जबकि मुन्नी देवी की हालत भी गंभीर बनी हुई है और दोनों का इलाज चल रहा है. घटना की जानकारी मिलते ही सतबरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच में जुट गयी. पुलिस ने मीना देवी के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया है. इस हादसे के बाद गांव में मातम छा गया है. ग्रामीणों ने बिजली विभाग से ऐसे खुले तार व सपोर्ट वायर की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो.
Source link
