चांडिल में बीच सड़क पर जला टैंकर: शॉर्ट सर्किट से लगी आग, दूर तक दिख रहा था धुआं, रांची-जमशेदपुर रोड रहा जाम
![]()
रविवार को सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र स्थित एनएच-33 के गोलचक्कर पर खड़े टैंकर में अचानक आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, टैंकर में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी, जिसने कुछ ही देर में गंभीर रूप ले लिया. आग की तेज लपटें और गहरा काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. फायर ब्रिगेड की टीमों ने मोर्चा संभाला. घटना की जानकारी मिलते ही चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत बचाव कार्य शुरू किया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद दमकल की कई टीमें मौके पर पहुंचीं. आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके को खाली करा लिया, ताकि कोई जनहानि न हो. मौके पर अधिकारियों की मौजूदगी में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. रांची-जमशेदपुर मार्ग बंद है. इस अगलगी की घटना से रांची-जमशेदपुर मार्ग पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है. पुलिस ने तत्काल वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी है. हालांकि, राहत की बात यह है कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है. पुलिस और प्रशासन पूरी घटना की जांच कर रही है और आग लगने के वास्तविक कारण का पता लगाया जा रहा है.
Source link
