
![]()
भास्कर न्यूज:दुमका जामा प्रखंड के बेदिया पंचायत स्थित प्रसिद्ध चुटोनाथ धाम मंदिर समिति पर पूजा के नाम पर मनमानी और अवैध वसूली का आरोप लगा है। रविवार को 22 मौजा के ग्रामीण तीर-धनुष सहित पारंपरिक हथियार के साथ मंदिर परिसर पहुंचे और मंदिर समिति के खिलाफ प्रदर्शन किया. ग्रामीणों ने वर्तमान कमेटी को भंग कर नयी कमेटी के गठन की मांग की. ग्रामीणों का आरोप है कि वर्षों से मंदिर में बिना किसी कानूनी आधार के पूजा-अर्चना और मन्नत के नाम पर श्रद्धालुओं से पैसे वसूले जाते रहे हैं. प्रदर्शनकारियों ने बताया कि नवयुवक बाबा चुटोनाथ पूजा समिति द्वारा मनोकामना (पुलश) के नाम पर 251 रुपये का रसीद काटा जा रहा है. ग्रामीणों के मुताबिक इस माध्यम से रोजाना 30 हजार रुपये तक की रकम इकट्ठा हो जाती है. प्रदर्शन की सूचना मिलने पर जामा थाना प्रभारी अजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं. थाना प्रभारी ने बताया कि ग्रामीणों की मुख्य मांग वर्तमान मंदिर कमेटी को हटाकर नई कमेटी बनाने की है. उन्होंने आंदोलनरत लोगों को आश्वासन दिया कि जल्द ही मंदिर कमेटी का पुनर्गठन किया जायेगा. इसके बाद ग्रामीण शांत हुए और स्थिति सामान्य हुई. ग्रामीणों ने कहा कि हर 12 साल में होने वाले पांच पोहरा पूजा में 22 मौजा की पारंपरिक भागीदारी को इस साल नजरअंदाज कर दिया गया। इसे लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश है. उनका आरोप है कि पिछले 10 साल से लगातार पूजा-पाठ और मन्नत के नाम पर पैसे वसूले जा रहे हैं. ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में भी इस मामले में प्रशासन को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की गयी थी, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गयी. प्रदर्शनकारियों ने कथित अवैध वसूली को तत्काल रोकने और मंदिर समिति के कार्यों की जांच की मांग की। विरोध प्रदर्शन में प्रधान मानस मरांडी (पांडन पहाड़ी), शिवसारी देवी (बारूडीह), चंदन मुर्मू (चुंदोभ), जागो राय (गादीचुटो), लुखिन मरांडी (मधुबन), ममता देवी (दिग्घी), बड़का मरांडी (चिगलपहाड़ी), कालेश्वर सोरेन (बिचकोड़ा) समेत रामसुंदर मरांडी, हेमलाल मरांडी, यमुना राय, देवा राय, अर्जुन राय, तुलसी राय, बिहारी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल थे. मरांडी, महतम बास्की, सुनीराम हेम्ब्रम, गोवर्धन राय, शिवधन मुर्मू, नरेश सोरेन, संजीत मरांडी, प्रेम राय, पुलिस बास्की उपस्थित थे।
Source link



