
झारखंड वार्ता संवाददाता
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। आम लोगों की भूमि संबंधी समस्याओं के त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान के उद्देश्य से श्री बंशीधर नगर थाना परिसर में गुरुवार को थाना दिवस का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 11 बजे से शुरू होगा, जिसमें थाना प्रभारी के साथ अंचल अधिकारी, अंचल निरीक्षक, अमीन एवं अन्य राजस्व पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।
थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने बताया कि थाना दिवस के दौरान भूमि विवाद, सीमांकन, कब्जा, रास्ता, दाखिल-खारिज एवं अन्य राजस्व संबंधी शिकायतों की सुनवाई की जाएगी। शिकायतों के त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों की संयुक्त उपस्थिति में मामलों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने क्षेत्र के सभी लोगों से अपील की है कि जिनका जमीन से संबंधित कोई विवाद लंबित है, वे अपने खाता, प्लॉट, रसीद, वंशावली, खतियान, रजिस्ट्री सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज लेकर निर्धारित समय पर थाना परिसर पहुंचें, ताकि उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा सके।
थाना प्रभारी ने कहा कि थाना दिवस का उद्देश्य आम नागरिकों को एक ही स्थान पर पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में न्यायसंगत और शीघ्र समाधान उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में भाग लेकर इस पहल का लाभ उठाने की अपील की।



