
भारत सरकार और झारखंड सरकार की संयुक्त पहल से किसानों को मिलेगी सुरक्षा
रांची: भारत सरकार और झारखंड सरकार की संयुक्त पहल ‘प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना’ (पीएमएफबीवाई) के तहत खरीफ 2026 सत्र के लिए टाटा एआईजी जनरल इंश्योरेंस को झारखंड के बोकारो, चतरा, गोड्डा और लातेहार जिलों में कार्यान्वयन बीमा भागीदार नियुक्त किया गया है। इस योजना का उद्देश्य प्राकृतिक आपदाओं, कीटों और बीमारियों से फसलों को होने वाले नुकसान के विरुद्ध किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है।
कंपनी की ओर से बताया गया कि निर्धारित फसलों की खेती करने वाले किसानों को योजना से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। किसान अपने नजदीकी बैंक, कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) या पीएमएफबीवाई पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। राज्य सरकार किसानों को मात्र 1 रुपये के प्रीमियम पर फसल बीमा की सुविधा उपलब्ध करा रही है, ताकि अधिक से अधिक किसान इस योजना से लाभान्वित हो सकें। टाटा एआईजी ने कहा कि कंपनी किसानों के बीच फसल बीमा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। यह योजना किसानों की आय को स्थिर रखने और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।


