
कोडरमा: कोडरमा पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चंदवारा थाना क्षेत्र के उरवां मोड़ स्थित एक होटल में छापेमारी कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान तीन पीड़ित महिलाओं को सुरक्षित मुक्त कराया गया, जबकि एक कथित बिचौलिया और होटल प्रबंधन से जुड़े दो लोगों को भी हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त की रात सूचना मिली थी कि होटल में अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई, जिसने होटल में दबिश देकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
छापेमारी के दौरान बिहार के नवादा निवासी रंजीत कुमार और वीरेंद्र कुमार के अलावा कोडरमा निवासी मोहम्मद एहतेशाम को गिरफ्तार किया गया। वहीं, कथित तौर पर देह व्यापार में मध्यस्थता करने के आरोप में उरवां निवासी कैलाश प्रसाद वर्मा तथा होटल मैनेजर रवि कुमार को भी पुलिस ने हिरासत में लिया।
कार्रवाई के दौरान होटल से तीन महिलाओं को मुक्त कराया गया। पुलिस ने मौके से कंडोम, शराब और खाली शराब की बोतलें, सिगरेट, शक्तिवर्धक टैबलेट, मोबाइल फोन तथा होटल का आगंतुक रजिस्टर जब्त किया है। इसके अलावा तीन इस्तेमाल किए गए कंडोम भी बरामद होने की बात कही गई है।
होटल परिसर से दो कार और एक इलेक्ट्रिक स्कूटी भी जब्त की गई है। इनमें BR 27T 9407 और JH 02BU 5943 नंबर की कारें तथा JH 02BY 5323 नंबर की इलेक्ट्रिक स्कूटी शामिल है।
इस मामले में चंदवारा थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और इस अवैध गतिविधि से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद स्थानीय पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के मुताबिक, छापेमारी एसपी के निर्देश पर तिलैया थाना की टीम ने की, जबकि स्थानीय चंदवारा पुलिस को बाद में इसकी सूचना दी गई। ऐसे में यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि लंबे समय से कथित तौर पर चल रही इस गतिविधि की भनक स्थानीय पुलिस को क्यों नहीं लगी। बताया जा रहा है कि जिस होटल में छापेमारी हुई, उसका संचालन गौरी शंकर वर्णवाल के नाम से जुड़ा बताया जाता है। हालांकि, पुलिस की ओर से इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।






