
झारखंड वार्ता संवाददाता
केतार (गढ़वा)। केतार थाना क्षेत्र के ताली गांव निवासी एवं झामुमो महिला मोर्चा की प्रखंड अध्यक्ष फूल कुमारी देवी से सोमवार को राज्य के पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचकर मुलाकात की। उन्होंने पीड़िता का हालचाल जाना और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. जॉन एफ. कैनेडी भी मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार, करीब एक सप्ताह पूर्व फूल कुमारी देवी पर उनके घर के बाहर कथित रूप से आधा दर्जन से अधिक लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल, गढ़वा में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार हमले में उनका एक हाथ फ्रैक्चर हो गया है, जबकि सिर, पेट और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के संबंध में पीड़िता ने केतार थाना में छह लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। वहीं मुख्य आरोपी सहित अन्य नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
अस्पताल में पीड़िता से मुलाकात के दौरान पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। मामले में शामिल सभी दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
इस अवसर पर शनि चंद्रवंशी सहित झामुमो के कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण भी उपस्थित थे।







